- Home
- /
- खरमास में भी है शुभ संयोग, लेकिन...
खरमास में भी है शुभ संयोग, लेकिन मांगलिक कार्य न करें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। खरमास 14 जनवरी 2021 तक रहेगा। इस दौरान मांगलिक कार्य नहीं किए जाएंगे, लेकिन खरमास जमीन, मकान या वाहन खरीदारी की मनाही नहीं है। ज्योतिषाचार्य पं. गणेश मिश्र बताते हैं कि इस साल 16 दिसंबर को सुबह 6:49 पर सूर्य धनु राशि में प्रवेश कर रहे हैं, 14 जनवरी 2021 तक धनु संक्रांति होने से खरमास दोष रहेगा।ज्योतिष ग्रंथों के मुताबिक इन दिनों में मकान, प्लॉट या रियल एस्टेट से जुड़ी खरीदारी भी की जा सकती है। केवल सोने और गुरु ग्रह से संबंधित चीजों की खरीदारी के लिए इस समय को ठीक नहीं माना जाता है, लेकिन इनकी बुकिंग आदि की जा सकती है। पं. मिश्र के मुताबिक शास्त्रों में खरमास के बीच खरीदारी की मनाही नहीं है। अगर अति-आवश्यक हो तो कोई भी सामान खरीदने में कोई समस्या नहीं है। इस दौरान वाहन आदि भी खरीदे जा सकते हैं
बन रहे हैं 20 शुभ संयोग
पं. मिश्र का कहना है कि खरमास में नई खरीदारी की जा सकती है। इसके लिए 14 जनवरी तक 20 शुभ संयोग बन रहे हैं। इन दिनों में 1 अमृतसिद्धि, 2 त्रिपुष्कर, 6 सर्वार्थसिद्धि और 11 रवियोग बन रहे हैं। इन शुभ योगों में की गई खरीदारी लंबे समय तक फायदा देती है। ज्योतिष ग्रंथों के मुताबिक त्रिपुष्कर योग में एक बार कोई चीज खरीदी जाए तो कुल 3 बार वैसी ही चीज खरीदने के योग बनते हैं। वहीं अमृत और सर्वार्थसिद्धि में की गई खरीदारी से मनोरथ सिद्ध होता है और रवियोग भी शुभ माना गया है।
रवियोग : दिसंबर में 27, 28 और 29 तारीख को। जनवरी 2021 में 4 और 5 जनवरी को बन रहे हैं।
सर्वार्थसिद्धि योग : 28 और 31 दिसंबर को रहेगा। इसके साथ ही अगले साल 6 जनवरी 2021 को भी यह योग बनेगा।
त्रिपुष्कर योग : ये शुभ योग 5 जनवरी 2021 को बन रहा है।
अमृतसिद्धि योग ये शुभ योग इस साल के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर को बनेगा।
क्या करना चाहिए खरमास में
खरमास में सूर्य की उपासना करनी चाहिए। यह महाधर्म, दान, जप और तप का महीना माना जाता है। इसमें अनेक गुणों के साथ लाभ प्राप्त होता है। कर्ता को करने का कई गुना फल प्राप्त होता है। खरमास में ब्राह्मण, गुरु, गाय एवं साधु-संन्यासियों की सेवा करनी चाहिए।
Created On :   28 Dec 2020 1:14 PM IST