आठ दिनों में सरकार के तीसरे मंत्री को देना पड़ेगा इस्तीफा- पाटील

Third minister of government will have to resign in eight days- Patil
आठ दिनों में सरकार के तीसरे मंत्री को देना पड़ेगा इस्तीफा- पाटील
आठ दिनों में सरकार के तीसरे मंत्री को देना पड़ेगा इस्तीफा- पाटील

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने दावा किया है कि अगले आठ दिनों में राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार के तीसरे मंत्री को इस्तीफा देना पड़ेगा। पाटील ने मंत्री का नाम बताने से इनकार कर दिया है। हालांकि उनका इशारा शिवसेना नेता तथा प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल परब की ओर था। मंगलवार को पाटील ने पुणे में भाजपा के स्थापना दिवस पर वर्चुअल रैली को संबोधित किया। पत्रकारों से बातचीत में पाटील ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे रोज झूठ बोलते हैं कि मंत्रियों ने कुछ नहीं किया है। बाम्बे हाईकोर्ट के फटकार के बाद मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री अनिल देशमुख का इस्तीफा लिया। पूजा चव्हाण आत्महत्या मामले में वन मंत्री संजय राठोड इस्तीफा दे चुके हैं। अब तक सरकार के दो मंत्रियों का इस्तीफा हो चुका है। आठ दिनों में तीसरे मंत्री का इस्तीफा होगा। पाटील ने कहा कि 36 गेंद में 2 विकेट गिरे हैं। अब बाकी मंत्रियों के इस्तीफे की लाइन लग जाएगी। 

मंत्री परब भी वाझे को देते थे निर्देश- सोमैया
वहीं भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि प्रदेश के तत्कालीन गृह मंत्री देशमुख के साथ-साथ परिवहन मंत्री परब भी एंटीलिया मामले के आरोपी निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाझे को कई निर्देश दिए थे। सोमैया ने कहा कि सीबीआई देशमुख के खिलाफ लगे आरोपों की जांच शुरू करेगी और वाझे के आर्थिक देनलेन की जांच शुरू होगी तो ठाकरे सरकार के और चार लाभार्थी मंत्रियों का नाम सामने आएगा। 

भाजपा राज्य में अकेले लड़ेगी चुनाव 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटील ने कहा कि प्रदेश में भाजपा अब आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अकेले लड़कर 122 सीटों पर जीत हासिल की थी। उस चुनाव में पार्टी को एक करोड़ 47 लाख वोट मिले थे। जबकि साल 2019 के विधानसभा चुनाव में शिवसेना के गठबंधन के कारण भाजपा ने 100 सीट कम लड़कर भी एक करोड़ 42 लाख वोट हासिल किया। इससे अब साल 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अकेले लड़ेगी तो 2 करोड़ से अधिक वोट मिलेंगे। पाटील ने कहा कि अकेले चुनाव लड़ने के लिए पार्टी संगठन और बूथ रचना को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए स्थापना दिवस पर संगठन को बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की वैचारिक स्पष्टता लाने के लिए बैठक आयोजित की जाएगी। वैचारिक स्पष्टता न होने का फायदा देश विरोधी ताकतें ले रही हैं। 

भाजपा में नैतिकता नहीं बची 
शिवसेना के प्रवक्ता तथा सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि भाजपा में अब नैतिकता नहीं बची है। प्रदेश में भाजपा सरकार के समय 12 मंत्रियों के खिलाफ आरोप लगे थे। सभी मंत्रियों को तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने क्लीन चिट दे दी थी। सावंत ने कहा कि देश की सभी जांच एजेंसियां भाजपा के घर की नौकर बन चुकी हैं।  
 

Created On :   6 April 2021 7:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story