- Home
- /
- किसानों की मेहनत पर पानी फिरा,...
किसानों की मेहनत पर पानी फिरा, हजारों क्विंटल मक्का भीगा

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान जारी हुआ था, जिसके अनुसार सोमवार को जिले में बारिश की संभावना बताई गई थी। इसके बावजूद मंडी प्रशासन ने इस पर कोई सुध नहीं ली और सोमवार दोपहर को हुई बारिश के कारण मंडी प्रांगण में खुले आसमान के नीचे रखा हजारों क्विंटल मक्का भीग गया। मंडी अधिकारियों के अनुसार सोमवार को तकरीबन 45 हजार क्विंटल से अधिक मक्के की आवक रही। हालात यह थे कि किसान जैसे-तैसे अपने मक्का को बचाने में लगे रहे। इसमें वह किसान मक्का बचाने में सफल रहे जिनके पास पॉलीथिन या अन्य सामग्री थी या फिर उनका मक्का टीन शेड के अंदर रखा था। हालांकि मंडी प्रांगण में किसानों का मक्का ही सबसे अधिक था जो बारिश में खराब हो गया।
अपनी आंखों के सामने देखी बर्बादी
शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण पिछले दो दिनों से मक्का बेचने का इंतजार कर रहे किसानों ने अपनी फसल को बर्बाद होते देखा। यहां पर बोली नहीं लगने के कारण मंडी प्रांगण पर खुले में मक्का फैला हुआ था। दोपहर बाद हुई बारिश के बाद जैसे-तैसे मक्का बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बारिश होने के कारण मक्का नालियों में बहता दिखा। इसके अलावा बोरे में भरकर रखे गए मक्का भींगने से ज्यादा नुकसान हुआ। यह सब कुछ देखने के बाद भी किसान बेचने लाए उपज को नहीं बचा पाए।
यह होगा नुकसान
कृषि उपज मंडी में बिक्री के बाद नाप में कटौती की जाती है। 60 किलो की बोरी में फिलहाल एक से दो किलो कटौती यानी 60 किलो में 62 किलों की तुलाई मानी जाती है। नमी के कारण इसे ज्यादा गिना जाता है। बारिश होने के बाद यह कटौती अब 2 से 5 किलो प्रति 60 किलो की बोरी में बढ़ जाएगी। अब तक नमी के आधार पर मक्के का दाम 1450 से 1550 रुपए प्रति क्विंटल तक चला गया था। बारिश में मक्का भीगने के बाद इसका असर दाम में जा सकता है।
आज बंद रहेगी मंडी
कृषि उपज मंडी में मंगलवार को कामकाज बंद रहेगा। पहले से ही दो दिन बाद शुरू हुई मंडी के बाद सिर्फ सोमवार को कामकाज रहा, जिसमें बारिश होने के कारण आधे दिन बोली बंद रही। मंगलवार को विधानसभा चुनाव होने के कारण कामकाज बंद रहेगा।

.jpeg)

Created On :   10 Dec 2018 9:36 PM IST