- Home
- /
- सीएम की आवाज निकालकर नगरसेवक से...
सीएम की आवाज निकालकर नगरसेवक से मांगे 10 करोड़, 3 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फोन पर मुख्यमंत्री की हूबहू आवाज निकालकर ठाणे के एक नगरसेवक से 10 करोड़ रुपए ठगी की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। महिला को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह पहली किश्त के रुप में 25 लाख रुपए लेने पहुंची थी। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने दूसरे लोगों से भी इसी तरह ठगी की होगी। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अनुद शिरगांवकर (29), अनिल कुमार भानुशाली (31) और अब्दुल्ला फैयाज अंसारी (24) है। दरअसल आरोपियों ने भाजपा के नगरसेवक मनोहर डुंबरे से संपर्क कर कहा कि अगर वे विधान परिषद सदस्य बनना चाहते हैं, तो 10 करोड़ रुपए खर्च करने पड़ेंगे। इसमें से 25 लाख रुपए अभी देने होंगे जबकि 4 करोड़ 75 लाख शपथ ग्रहण के पहले और बाकी के 5 करोड़ शपथ ग्रहण के बाद देने होंगे। उन्हें 2018 जून-जुलाई महीने में विधान परिषद भेजने का वादा किया गया था।
बातचीत करने के लिए कई बार होटल में बुलाया
आरोपियों ने डुंबरे को बातचीत करने के लिए कई बार होटल में बुलाया। इस दौरान कांफ्रेंसकॉल के जरिए मुख्यमंत्री से भी बातचीत कराने का दावा किया। लेकिन जांच में पता चला है कि मुख्यमंत्री की आवाज में अंसारी बात कर रहा था। इसके बाद शक होने पर डुंबरे ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। ठाणे क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की तो साफ हो गया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी के मकसद से खेल रचा है। इसके बाद पहली किश्त देने के नाम पर आरोपी को बुलाया गया। एक महिला जैसे ही पैसे लेने पहुंची पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीएम के फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल
हैरानी की बात यह है कि महिला डुंबरे से उनका बायोडेटा ले गई थी और उस पर मुख्यमंत्री के फर्जी हस्ताक्षर कर वापस लाई थी। महिला से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने जल्द ही दो और आरोपियों को दबोच लिया। कासरवडवली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
Created On :   21 March 2018 8:38 PM IST