- Home
- /
- बाघ के शिकार की कहानी वाली फिल्म को...
बाघ के शिकार की कहानी वाली फिल्म को मिली सेंसर की हरी झंडी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पूरी दुनिया में बाघ विलुप्त होती प्रजाति में शुमार हो रहा है। देश में सन 1900 में एक लाख बाघ थे, परंतु 2018 तक केवल 2800 शेष रह गए हैं। हाल में आदमखोर बाघिन अवनी (टी1) को यवतमाल स्थित बोराटी के जंगल में गोली मार दिए जाने का मामला सुर्खियों में है। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी समेत देश के वन्य प्राणियों को संरक्षण तथा सुरक्षा से जुड़े संगठन इस हत्या पर गहरी नाराजगी जता चुके हैं। ऐसे में जब यह मामला राजनीतिक रूप से गर्म है, सेंसर बोर्ड ने बाघ के शिकार कथानक वाली लेखक-निर्देशक रवि बुले की फिल्म ‘आखेट’ को हरी झंडी दिखा दी है।
मूलरुप से मध्यप्रदेश के जबलपुर के रहने वाले रवि बुले की यह पहली फिल्म है। ‘आखेट’ एक पुराने रसूसदार-रईस परिवार के व्यक्ति नेपाल सिंह की कहानी है, जिसके अमीर पुरखों ने सैकड़ों बाघों का शिकार किया था। नेपाल सिंह को दुख है कि शिकारियों के खानदान में पैदा होने के बाजवूद वह आज तक बाघ का शिकार नहीं कर पाया। अतः वह एक दिन बाघ के शिकार का फैसला करते हुए जंगल को निकल पड़ता है। फिल्म का निर्माण आशुतोष पाठक ने किया है।
आखेट की शूटिंग इस साल मार्च में झारखंड के पलामू स्थित घने जंगलों में की गई। रवि बुले ने बताया कि ‘आखेट’ बाघ के शिकार और इसके पेशे से जुड़े लोगों की जिंदगी के रहस्यों से पर्दे उठाती है। यह उन लोगों की मानसिकता को भी सामने लाती है जो शिकार को खेल समझते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म बाघ से जुड़े कई रोचक तथ्यों को सामने लाने के साथ अंततः एक सकारात्मक संदेश देती है। क्या फिल्म में बाघ का शिकार दिखाया गया है? उन्होंने कहा कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को प्रदर्शन की अनुमति दे दी है और इस सवाल का जवाब फिल्म देखकर ही मिलेगा। रवि बुले ने कहा कि दर्शकों को यह फिल्म जंगल, वनस्पति और बाघ के साथ मनुष्य के रिश्ते को नए नजरिये से देखना सिखाएगी। यह फिल्म कोलकाता में रहने वाले हिंदी के चर्चित युवा लेखक कुणाल सिंह की कहानी आखेटक पर आधारित है।
Created On :   10 Nov 2018 6:14 PM IST