कचरा चुननेवाले युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या

Tnagpur rash picker killed by crushing a stone
कचरा चुननेवाले युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या
कचरा चुननेवाले युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कचरा चुनकर जीवनयापन करनेवाले एक युवक की उसी के साथी ने किसी बात को लेकर विवाद होने पर पत्त्थर से कुचलकर हत्या कर दी। मृतक को लोग चिंगारु के नाम से पुकारते थे। उसके बाएं हाथ पर शंकर गुदा है। उसके साथ में कचरा चुननेवाला साथी प्रकाश फरार हो गया है। पुलिस को शक है कि चिंगारु उर्फ शंकर की हत्या उसी ने की होगी। मानकापुर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। घटना शनिवार की सुबह करीब 10.30 बजे सामने आई। 48 घंटे में शहर के अंदर 4 हत्या की वारदातें हुई। इन घटनाओं को लेकर एक बार फिर कानून सुव्यस्था को लेकर नागरिकों द्वारा सवाल खड़े किए जाने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि अपराधियों के दिल से पुलिस का डर फिर खत्म होने लगा है।

शहर की अपराध शाखा पुलिस विभाग में करीब 200 अधिकारी- कर्मचारी कार्यरत हैं। उसके बाद भी हत्या जैसी वारदात को अंजाम देकर आरोपी भागने में कामयाब हो जाते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार की सुबह कचरा ढोनेवाली गाड़ी का चालक मानकापुर क्रीड़ा संकुल के पास दीवार के करीब कचरा डालने गया था। इस दौरान उसे एक युवक का शव नजर आया। कचरा गाड़ी के चालक ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया। उसके बाद मानकापुर थाने के पुलिस निरीक्षक सुनील चव्हाण सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पर एक व्यक्ति का शव पड़ा था। उसका चेहरा पत्त्थर से कुचल दिया गया था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। उसके बाएं हाथ पर शंकर गुदा था। पुलिस ने आस-पास में पूछताछ की तो पता चला कि वह कचरा चुननेवाला था। उसे चिंगारु के नाम से लोग जानते थे। उसके साथ प्रकाश भी रहता था।

 दोनों मानकापुर परिसर में एमएसईबी कार्यालय परिसर में बनी झोपड़ी में रहते थे। घटना के बाद से प्रकाश फरार है। मानकापुर पुलिस को उम्मीद है कि प्रकाश के पकड़े जाने पर हत्या के रहस्य से पर्दा उठेगा। प्रकाश की शादी हो चुकी है। करीब 15 साल पहले उसकी पत्नी उसे छोडकर चली गई थी। उसकी मां मानकापुर स्थित ताजनगर झोपड़पट्टी में एक झोपड़ी में अकेली रहती है। कभी कभार प्रकाश उससे मिलने जाया करता था। प्रकाश अपने मित्र चिंगारु के साथ ही रहता था। दोनों को शराब पीने की लत थी। उक्त घटना की जांच मानकापुर पुलिस कर रही है।    

Created On :   18 July 2020 1:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story