- Home
- /
- असली शिवसेना के साथ मिलकर बीएमसी...
असली शिवसेना के साथ मिलकर बीएमसी में फहराएंगे भगवा

डिजिटल डेस्क, मुंबई । भारतीय जनता पार्टी ने शिवसेना के बागी गुट के साथ मिलकर मुंबई महानगर पालिका से शिवसेना की सत्ता उखाड़ फेंकने के लिए हुंकार भरनी शुरू कर दी है। उपमुख्य मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि दही हंडी उत्सव को लेकर जो उत्साह दिखाई दिया उसी तरह के उत्साह के साथ अब गणेशोत्सव, नवरात्रि सहित तमाम त्योहार मनाना है। मुंबई भाजपा की ओर से शनिवार को षणमुखानंद सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली असली शिवसेना के साथ मिलकर बीएमसी पर भगवा झंडा फहराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से हमारी सरकार ने बहुत काम किया। अगले तीन महीने में धारावी पुनर्विकास परियोजना शुरू की जाएगी। हवाई अड्डे की जमीन और सरकार जमीन पर बसे झोपड़ाधारकों को घर दिए जाएंगे। सभी रुके हुए विकासकार्य फिर शुरू किए जाएंगे। भाजपा के नवनियुक्त मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार की तारीफ करते हुए फडणवीस ने कहा कि उनके लंबे अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा।
बीएमसी में करोड़ों का भ्रष्टाचार
फडणवीस ने आरोप लगाया है कि बीएमसी में भारी भ्रष्टाचार हुआ है और हजारों करोड़ रुपए लूट लिए गए हैं। हर साल बारिश में मुंबई डूबने लगती है और बोरिवली जाने में 4-4 घंटे लग जाते हैं। कोरोना के नाम पर भी करोड़ो रुपए खा लिए गए। बालासाहेब ठाकरे ने जो सपना देखा था उसे साकार करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर भावनात्मक मुद्दों को आगे किया जाएगा। बार बार वही पुराना डायलॉग बोला जाता है कि मुंबई को महाराष्ट्र से तोड़ने की साजिश हो रही है। फडणवीस ने कहा कि किसी की हिम्मत नहीं कि मुंबई को महाराष्ट्र से अलग कर सके। शिवसेना पर हमला करते हुए फडणवीस ने कहा कि इनका दूसरा डायलॉग है महाराष्ट्र दिल्ली के आगे झुकेगा नहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है इसलिए कामकाज के लिए जाना पड़ता है। राज्य के विकास के लिए जितनी बार जरूरत होगी मैं दिल्ली जाऊंगा साथ ही उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना फडणवीस ने कहा कि वे दिल्ली गए तो सोनिया गांधी के सामने झुकने के लिए। कार्यक्रम में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, विधायक अतुल भातखलकर, अमित साटम, राजहंस सिंह, सांसद पूनम महाजन, मनोज कोटक, प्रदेश भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा अध्यक्ष संजय पांडे और मुंबई भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह आदि मौजूद रहे।
Created On :   20 Aug 2022 7:26 PM IST