- Home
- /
- अब तक कुल 184 करोड़ की आमदनी...
अब तक कुल 184 करोड़ की आमदनी प्रभावित

डिजिटल डेस्क, अमरावती। वित्तीय वर्ष 2021-22 समाप्त होने में अब कुछ ही दिनों का समय शेष है। इस वर्ष के लिए मनपा द्वारा कुल 893 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट 30 मार्च 2020 को प्रस्तुत किया था। जबकि कुल खर्च 741 करोड रुपए का आंका गया था। किंतु सभी माध्यमों से अपेक्षाकृत निधि न मिलने के कारण मनपा को इस वर्ष अब तक करीब 184 करोड़ का घाटा उठाना पड़ा है। संपत्तिकर की राशि के व्यतिरिक्त मनपा को अब तक कुल 562 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक यह राजस्व 711 करोड़ होने का अनुमान है जबकि खर्च की राशि 741 करोड़ से बढ़कर 861 करोड़ हाेने की संभावना है।
मनपा की अोर से बजट प्रस्तुत करते समय तत्कालीन मनपा आयुक्त की ओर से कहा गया था कि सीमित आमदनी के बावजूद प्रशासन की ओर से फायदे का बजट तैयार किया गया है। लेकिन बजट में व्यापारिक संकुल व नई करप्रणाली तथा विविध शासकीय माध्यमों से प्राप्त होने वाली निधि का जो अनुमान व्यक्त किया गया था उसमें 200 करोड़ से अधिक की गिरावट होने से इस वर्ष मनपा को बजट में अधिक नुकसान उठाना पड़ा है। आर्थिक नुकसान को कम करने के लिए प्रशासन की ओर से चुनावी वर्ष होने के बावजूद पार्षद विकास निधि व स्वच्छता निधि में कटौती की गई थी किंतु इस कटौती का भी अधिक लाभ मनपा की तिजोरी को होता दिखाई नहीं दे रहा है। प्रशासन का कहना है कि स्थानीय राजनीतिक कारणों के चलते निधि प्राप्त करने की राह में रुकावटें पैदा हो रही हैं।
Created On :   5 Feb 2022 3:24 PM IST