- Home
- /
- अचार की आनलाइन खरीदी की चक्कर में...
अचार की आनलाइन खरीदी की चक्कर में बड़ी रकम गंवा बैठा व्यापारी

डिजिटल डेस्क,नागपुर। अचार खरीदने का झांसा देकर व्यापारी के खाते से ऑनलाइन रकम निकाल ली गई है। नंदनवन थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है।
गूगल-पे से लगाया चूना : सदाशिव नगर निवासी पवन अग्रवाल (39) का थोक में अचार, पापड़ का कारोबार है। इसकी मार्केटिंग करने के लिए उसने इंडिया मार्ट वेबसाइट पर विज्ञापन दिया था, लेकिन वेबसाइट की फीस नहीं भरने के कारण उसका विज्ञापन बंद हो गया था। इस बीच 22 मार्च 2021 को पवन के मोबाइल पर साहिल कुमार नामक व्यक्ति का फोन आया। उसने पांच किलो अचार के 30 डिब्बे तथा 1 किलो के 30 डिब्बे ऐसे कुल 21 हजार 900 रुपए का माल बुक किया था। इसके बाद 24 तारीख की सुबह 10 बजे भी साहिल का फोन आया। उसने पवन से अचार का पेमेंंट करने के लिए पेटीएम नंबर पूछा।
पवन ने उसए गूगल-पे का नंबर दिया। पवन ने पहले साहिल को पांच रुपए भेजे। इसके बदले में साहिल ने तत्काल उसे 10 रुपए वापस किए। इसके तत्काल बाद पवन को उसका पेमेंट देने के बजाय उसके खाते से बारी-बारी से 98 हजार 800 रुपए निकाल लिए गए। घटना के बाद इसकी शिकायत संबंधित बैंक और थाने में की गई। जांच-पड़ताल के बाद मंगलवार को प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके पहले पांचपावली क्षेत्र में भी ऐसी ही घटना हुई है। कूलर व्यापारी को इसी तरह से सवा 4 लाख रुपए से चूना लगाया गया है।
Created On :   8 July 2021 11:44 AM IST