- Home
- /
- ट्रैफिक पुलिसकर्मी की बदसलूकी, ...
ट्रैफिक पुलिसकर्मी की बदसलूकी, वाहन चालक का सिर फटा

डिजिटल डेस्क, नागपुर । शहर में ट्रैफिक पुलिस वाहनों की चालान कार्रवाई में किस कदर अमर्यादित आचरण कर रही है, इसका जीता-जागता उदाहरण दिखाई दिया, जब एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने 50 वर्षीय व्यक्ति के वाहन के पीछे दौड़ कर उसका वाहन पीछे से पकड़ कर खींच दिया, जिससे वाहन चालक गिर पड़ा और उसका सिर फट गया। हाथ में भी गंभीर चोट आई है। वाहन चालक हेलमेट नहीं पहने था। घटना मस्कासाथ चौक के पास की है। इससे नाराज क्षेत्र के लोगों ने दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की है। दूसरी तरफ डीसीपी का कहना है कि पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं बनती।
कार की चपेट में आने से बचा
वर्धमान नगर निवासी हेमराज हरणे सिलाई मशीन मरम्मत का काम करता है। पत्नी और बेटे का देहांत होने से वह अकेला रहता है। हेमराज किसी के घर से अपना राशन लाने सुबह 11 बजे दोपहिया वाहन क्र.एमएच 31 सीजेड 7111 से मस्कासाथ होते हुए गोलीबार चौक जा रहा था। हेमराज के अनुसार मस्कासाथ चौक के पास गली में 4-5 ट्रैफिक पुलिसकर्मी बैठे थे। उनमें से एक पुलिसकर्मी वाहन के पीछे दौड़ा और पीछे से वाहन पकड़ कर खींचा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह वाहन सहित िगर पड़ा। उसके सिर, हाथ तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान हेमराज एक कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। सामाजिक कार्यकर्ता अक्षय डोर्लीकर तथा मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने हेमराज को संभाला और उसके रिश्तेदारों को फोन घटना की जानकारी दी। लोगों ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने तथा उसका इलाज का खर्चा पुलिसकर्मी से वसूलने की मांग की है।
वाहन चालक को रुकना चाहिए था
घटना की मुझे जानकारी नहीं है, फिर भी पुलिस के रोकने पर उस व्यक्ति को रुकना चाहिए था। इसमेें पुलिस के खिलाफ क्या कार्रवाई करेंगे।
सारंग आव्हाड़ डीसीपी, ट्रैफिक विभाग, नागपुर शहर पुलिस
Created On :   15 March 2021 2:21 PM IST