- Home
- /
- ट्रेलर से महिला की मौत, मित्र...
ट्रेलर से महिला की मौत, मित्र बाल-बाल बचा,अन्य घटनाओं में 3 मृत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हुड़केश्वर थानांतर्गत विहिर गांव में बीती रात ट्रेलर ने दोपहिया वाहन को उड़ा दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका मित्र बाल-बाल बच गया। इस बीच आरोपी ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
ट्रेलर के पहिये में आई
पुलिस के अनुसार मृतका अनिता श्याम सतनामी (40) जूनी मंगलवारी निवासी थी, जबकि घायल नरेंद्र गोपाल नाने (36) भंडारा जिले के पवनी का निवासी है। मंगलवार को नरेंद्र अपने दोपहिया वाहन क्र.एमएच 36 एई 0489 से अनिता को अपने गांव में ले गया था। वह उसका गांव देखना चाहती थी। शाम को दोनों नागपुर के लिए निकले। रात करीब पौने बारह बजे उमरेड रोड स्थित विहिरगांव पुलिया के पास िकसी ट्रेलर चालक ने नरेंद्र के दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे अनिता वाहन से उछलकर ट्रेलर के पहिये में आ गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसको मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसके मृत्यु की पुष्टि की। नरेंद्र की भाभी ने बताया कि नरेंद्र के साथ अनिता मजदूरी करती थी। अनिता को दो लड़के और दो लड़कियां हैं। जो छात्रावास में रहते हैं। अनिता का पति नहीं है। नरेंद्र की भी शादी नहीं हुई है, जिससे दोनों साथ में रहते थे।
दो की फांसी लगाने से मौत
सेवानिवृत्त अभियंता सहित दो लोगों की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटनाएं सोनेगांव और मानकापुर थानांतर्गत हुई हैं। मंगलवार की देर रात आकस्मिक मृत्यु के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। घटनाओं के कारण ज्ञात नहीं हुए हैं। सोमलवाड़ा चिंतामणि नगर स्थित जगदंबा इन्क्लेव निवासी रिटायर अभियंता दीपक वासुदेव देशकर (60) ने सीलिंग फैन से दुपट्टा बांध कर फांसी लगा ली। उनकी पत्नी रजनी शिक्षिका हैं। मंगलवार को रजनी ड्यू्टी पर गई थीं। इस दौरान घटना हुई। शाम को जब रजनी ड्यूटी से घर लौटीं, तो प्रकरण का खुलासा हुआ। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दीपक ने माफी मांगने का जिक्र किया है। दूसरा वाकया मानकापुर थानांतर्गत हुआ है। सादिक शहा (17) कक्षा 12वीं तक शिक्षित था। माता-पिता मजदूरी करते हैं। मंगलवार को मौका देखकर सादिक ने भी रसोई घर में छत में लगे लोहे के एंगल से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
चाय विक्रेता का कुएं में शव मिला
लापता चाय विक्रेता का कुएं में शव पाया गया है। घटना का कारण ज्ञात नहीं हुआ है, हालांकि प्रकरण को लेकर संदेह भी व्यक्त िकया जा रहा है। मंगलवार को प्रताप नगर थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।
रात भर घर से गायब रहा
जोशी ले-आउट निवासी राेहित श्रीकृष्ण राउत (21) था। उसके पिता नहीं है। मां और दो भाइयों के साथ रहता था। रोहित एक निजी अस्पताल के पास चाय की टपरी लगाता था, लेकिन लॉकडाउन के समय से चाय की टपरी बंद है। सोमवार की रात 8 बजे से रोहित गायब था। रात भर उसके घर नहीं आने से परिजनों ने उसकी खोजबीन की। कुछ पता नहीं चलने से प्रताप नगर थाने में उसके गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। इस बीच मंगलवार की दोपहर में ढाई बजे शेवालकर कॉम्पलेक्स के सामने टीन शेड के पास स्थित कुएं में रोहित का शव पाया गया।
Created On :   1 Oct 2020 3:57 PM IST