- Home
- /
- औरंगाबाद सहित पांच मनपा चुनावों में...
औरंगाबाद सहित पांच मनपा चुनावों में होगा 'ट्रू वोटर' का इस्तेमाल

डिजिटल डेस्क, मुंबई । राज्य की पांच महानगर पालिकाओं के आगामी चुनावों में राज्य चुनाव आयोग "ट्रू वोटर" एप का इस्तेमाल करेगा। इस ऐप से उम्मीदवार अपने चुनाव खर्च का हिसाब दे सकेंगे, साथ ही मतदाता सूची में नाम और मतदान केंद्रों की जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। राज्य में इस साल नई मुंबई, कल्याण-डोंबिवली, वसई- विरार, कोल्हापुर और औरंगाबाद महानगरपालिका के चुनाव होंगे। इसके पहले हाईकोर्ट की नागपुर बेंच ने निर्देश दिया था कि चुनाव खर्च जमा करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। हाल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनावों में "ट्रू वोटर" ऐप का उपयोग किया गया था। इस ऐप के माध्यम से ग्राम पंचायत चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों को अपने चुनाव खर्च का लेखा जोखा पेश करने की सुविधा दी गई है।
80 हजार ने किया इस्तेमाल
हाल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनावों में इस ऐप का इस्तेमाल 80 हजार उम्मीदवारों ने किया था। "ट्रू वोटर" ऐप का इस्तेमाल ग्राम पंचायत चुनावों में सफल रहा है। इसलिए अब मनपा चुनावों में बड़े पैमाने पर इस ऐप का उपयोग करने के निर्देश दिए जाएंगे। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को चुनाव परिणामों के बाद 30 दिनों के भीतर अपने चुनाव ख़र्च का हिसाब देना आवश्यक है। निर्धारित समय के भीतर खर्च का हिसाब जमा नहीं करने पर उन्हें अयोग्य घोषित किया जा सकता है। ट्रू वोटर मोबाइल एप से चुनाव खर्च जमा करने की सुविधा से उम्मीदवारों को राहत मिलेगी।
ट्रू वोटर ऐप से मिलेगी ये सुविधाएं
चुनाव खर्चों का लेखा-जोखा, मतदाता सूची में नामों की खोज, मतदान केंद्रों की जानकारी, मतदान केंद्रों के नक्शे तैयार करना, महत्वपूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करना, मतदान के आंकड़ों को जारी करना।
Created On :   23 Jan 2021 6:06 PM IST