- Home
- /
- इतिहास के पन्नों में दर्ज हो...
इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएंगे टीवी टावर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अादेश के अनुसार दूरदर्शन के टीवी टावर (एचपीटी) से प्रसारण सेवाएं पूरे भारत में 31 मार्च 2022 से बंद हो जाएंगी। असल में केबल, डीटीएच और ओटीटी के दौर में ट्रांसमीटरों की उपयोगिता खत्म हो गई है। देश में 55 साल पुराने एंटीने का सफर अब इतिहास के पन्नों में दर्ज होकर रह जाएगा। अब घरों की छतों पर एंटीना देखने को नहीं मिलेगा। प्रसार भारती ने डीडी नेशनल की एनालॉग फ्रीक्वेंसी को बंद करने का फैसला लिया है। डीडी नेशनल सिर्फ सैटेलाइट डिश के जरिए ही देखा जा सकेगा।
पुरानी हो गई है टेक्नोलॉजी
प्रसार भारती ने चल रहे सभी रिले सेंटरों को पत्र जारी कर दिया है। दूरदर्शन केन्द्र के उप निदेशक भूपेंद्र तुरकर ने बताया कि नागपुर शहर में दूरदर्शन के कार्यक्रम 31 अक्टूबर 2021 को ही बंद कर दिए गए हैं। हिंगनघाट और यवतमाल की प्रसारण सेवा 31 दिसंबर तक बंद कर दी जाएगी। अब दूरदर्शन के सभी कार्यक्रम देखने के लिए डीडी फ्री डिश पर उपलब्ध हैं। एनालॉग ट्रांसमीटर टेक्नोलॉजी पुरानी हो गई है, इसलिए प्रसार भारती ने इसे बंद करने का निर्णय लिया है। शहर में इसके दर्शकों की संख्या भी न के बराबर है। अगर शहर की बात करें, तो मात्र 10 दर्शक ही होंगे।
अंतिम दिन होगा 31 दिसंबर
आगामी 31 मार्च से दूरदर्शन के राष्ट्रीय व प्रादेशिक चैनल विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में दिखाई नहीं देंगे। नई दिल्ली, प्रसार भारती व दूरदर्शन निदेशालय ने सूचना जारी कर बताया कि दूरदर्शन रिले सेंटर (एलपीटी) हिंगनघाट (चैनल#32), यवतमाल (चैनल#28) से प्रसारित किए जाने वाले दूरदर्शन के चैनलों के एनालॉग टेरेस्ट्रियल टीवी प्रसारण को 31 दिसंबर की मध्य रात्रि से बंद किया जा रहा है। सभी चैनल अब टेरेस्ट्रियल मोड में उपलब्ध नहीं होंगे। सभी चैनल दूरदर्शन की डीटीएच सेवा ‘डीडी फ्री-डिश’ में अन्य चैनल समूहों के साथ उपलब्ध हैं। सेट-टॉप बॉक्स, डिश एंटीना तथा अन्य सहायक उपकरण स्थानीय बाजार में उपलब्ध हैं। कार्यालय ने आह्वान किया कि अन्य किसी भी जानकारी के लिए नजदीकी दूरदर्शन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं अथवा उनकी वेबसाइट www.doordarshan.gov.in पर लॉग इन करें।
डिजिटल रूप में चलता रहेगा
देशभर में दूरदर्शन के कुल 412 रिले सेंटर हैं। इन्हें प्रसार भारती ने कुल 3 चरणों में बंद करने की योजना बनाई है। 31 अक्टूबर तक 152 व 31 दिसंबर तक 109 रिले सेंटर बंद किए जाएंगे। उसके बाद 31 मार्च 2022 तक 261 सेंटर बंद किए जाएंगे। देश के दूरगामी एरिया जम्मू, लद्दाख, अंडमान एरिया में 54 रिले सेंटर चलते रहेंगे। प्रसार भारती के अनुसार डीटीएच सेवा शुरू होने के बाद से इन रिले सेंटरों की ज्यादा जरूरत नहीं रह गई थी। दूरदर्शन चैनल का प्रसारण डिजिटल रूप में डीडी डायरेक्ट पर चलता रहेगा।
Created On :   2 Dec 2021 4:24 PM IST