- Home
- /
- जुड़वा भाइयों को लगा करंट, एक ने...
जुड़वा भाइयों को लगा करंट, एक ने तोड़ा दम

डिजिटल डेस्क, अमरावती। नाना-नानी के घर ग्रीष्मकाल की छुटि्टयां मनाने पहुंचे जुड़वा भाइयों को गुरुवार को दोपहर में पानी की टंकी के नीचे नहाते समय बिजली का करंट लग गया। दोनों भाइयों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उपचार के दौरान एक की मौत हो गई। दूसरे की हालत गंभीर रहने से उसे नागपुर रेफर किया गया है। घटना मोर्शी तहसील के शिरखेड़ थाना क्षेत्र के वाघोली ग्राम की है।
जानकारी के मुताबिक जिले के तिवसा तहसील के तलेगांव ठाकुर ग्राम निवासी रोहन विद्याचरण थोरात (13) आैर प्रज्वल थोरात (13) नामक जुड़वा भाई ग्रीष्मकाल की छुटि्टयां मनाने के लिए अपनी मां के साथ वाघोली ग्राम नाना-नानी के घर तीन दिन पूर्व आए थे। गुरुवार को दोपहर 1 बजे के दौरान दोनों भाई नानी के घर के बाहर खेल रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर स्थित पानी की टंकी आेवरफ्लो होने से पानी उस टंकी के बाहर बह रहा था।
पानी नीचे बहता देख दोनों भाई वहां नहाने के लिए पहुंच गए। लेकिन पानी की टंकी के पास से विद्युत तार का करंट लगने से दोनों जुड़वा भाई बुरी तरह झुलस गए। दोनों भाइयों को करंट लगा देख नाना बालू झिंगुजी वानखडे आैर परिसर के नागरिक घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। उन्होंने रोहन आैर प्रज्वल को गंभीर अवस्था में तत्काल वाहन से अमरावती जिला अस्पताल लाकर भर्ती करवाया। जहां डॉक्टर ने रोहन को मृत घोषित कर दिया। जबकि प्रज्वल की हालत नाजुक रहने से उसे नागपुर ले जाया गया है। घटना से वाघोली ग्राम में शआेक व्याप्त है। घटना की जानकारी शिरखेड पुलिस को मिलने के बाद पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा। पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है।
Created On :   3 Jun 2022 2:42 PM IST