स्कूटर पार्किंग विवाद में दो भाइयों की हत्या 

Two brothers murdered in scooter parking dispute
स्कूटर पार्किंग विवाद में दो भाइयों की हत्या 
स्कूटर पार्किंग विवाद में दो भाइयों की हत्या 

 डिजिटल डेस्क, मुंबई।  स्कूटर पार्किंग को लेकर दो परिवारों में हुए विवाद में दो भाइयों की हत्या कर दी गई जबकि तीसरा बुरी तरह जख्मी है। वारदात सोमवार रात मुंबई के शिवड़ी इलाके में हुई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमले में जान गंवाने वाले भाइयों के नाम शाहिद पटेल (22) और साहिल पटेल (19) और जबकि उनका तीसरा भाई अदनान पटेल (16) बुरी तरह जख्मी है। मामले में मुख्य आरोपी का नाम करीम शेख है। पुलिस ने उसकी बहन मिनाज शेख, पिता यूसुफ शेख और मां मेहराज शेख को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोनों परिवार शिवड़ी स्टेशन के करीब स्थित कुलसुमभाई भोला चाल में रहते हैं। लॉक डाउन के दौरान पटेल परिवार के लोग शेख परिवार के घर के सामने स्थित खाली जगह में बैठते थे। इसे लेकर दोनों परिवारों में अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात शाहिद घर के लिए जरूरी सामान लेने गया था। वापस लौटकर उसने शेख के घर के सामने स्कूटर खड़ा कर दिया। इसके बाद विवाद शुरू और मिनाज ने स्कूटर को लात मार दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। रात साढ़े 12 बजे के करीब करीम ने चाकू से पहले शाहिद पर पीछे से वार किया और फिर उसे बचाने पहुंचे उसके दोनों भाइयों को भी बुरी तरह जख्मी कर दिया। तीनों को केईएम अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान शाहिद और शाहिल ने दम तोड़ दिया। मुख्य आरोपी  करीम हत्या के दो और मामलों में आरोपी है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। उसका 70 वर्षीय पिता यूसुफ भी पुलिस का पूर्व खबरी बताया जाता है। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी प्रणय अशोक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।  
 
 

Created On :   21 April 2020 12:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story