बगदरा घाटी के दलदल में धंसी 2 बसें, सारी रात जाम में फंसे रहे नेपाल के 80 यात्री

two bus fall in bagdari daldal 80 nepali passenger trapped
बगदरा घाटी के दलदल में धंसी 2 बसें, सारी रात जाम में फंसे रहे नेपाल के 80 यात्री
बगदरा घाटी के दलदल में धंसी 2 बसें, सारी रात जाम में फंसे रहे नेपाल के 80 यात्री

डिजिटल डेस्क, सतना। जिला मुख्यालय से सुप्रसिद्ध तीर्थस्थल चित्रकूट को जोड़ने वाले स्टेट हाइवे-11 की बगदराघाटी के दलदल में बीती रात नेपाल के यात्रियों की 2 बसें धंस जाने के कारण जहां 80 परदेसी यात्री डकैत ग्रस्त जंगल में सारी रात फंसे रह गए। वहीं इस मुख्य सड़क मार्ग पर 16 घंटे यातायात ठप रहने से लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में सैकड़ों यात्री वाहनों के चके भी थम गए। नेपाल के उपनेही जिले से साथियों समेत बस से तीर्थाटन के लिए निकले एक यात्री जमुना प्रसाद ने बताया कि रात 12 बजे के करीब उनकी दोनों बसें एक -एक कर बगदराघाटी की कच्ची सड़क के दलदल में धंस गईं। दोनों बस चित्रकूट की ओर जा रही थीं।

ऐसे कटी बरसात की भयावह रात
दलदल में फंसी इन बसों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। बीच-बीच में जोरदार बारिश ,गरज-चमक और घुप्प अंधेरे वियावान जंगल में भूख मिटाने के लिए सिर्फ भगवान का प्रसाद था। साथ में रखा गया पानी भी खत्म हो चुका था। सांप-बिच्छू और हिंसक जानवरों के भय से बस से बाहर निकलने का भी साहस किसी में नहीं था। एक तो घाटी का घना जंगल और उस पर खराब मौसम के बीच लाचार परदेशी यात्रियों की एक बड़ी मुश्किल ये भी थी कि मोबाइल का नेटवर्क भी नहीं था। गौरतलब है, बगदरा घाटी में जिस जगह पर ये बसें फंसी थीं वो इलाका दस्यु प्रभावित क्षेत्र भी है।

क्यों आती है ये नौबत
नयागांव के थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी के मुताबिक उन्हें बगदरा घाटी में जाम लगने की जानकारी सुबह 8 बजे लगी। जानकारी मिलने पर फोर्स को जेसीबी मशीन के साथ मौके पर भेजा गया। बारिश के पानी से दलदल हो चुकी निर्माणाधीन सड़क पर रास्ता बनाने में पुलिस को भी पसीना आ गया। दोपहर तक जैसे-तैसे यातायात बहाल करने में मदद मिली। उधर जानकारों ने बताया कि सतना-चित्रकूट रोड पर बगदराघाटी के जंगल में 6 साल से 4 किलोमीटर तक सड़क का कोई वजूद नहीं है। रही - सही कसर सड़क निर्माता कंपनी तिरुपति बिल्डिकॉन ने बेतरतीबी से पहाड़ काट कर पूरी कर दी है। मौके पर सड़क जहां खन खोद कर फेंक दी गई है, वहीं अस्थाई बायपास तक की व्यवस्था नहीं की गई है। मझगवां से चित्रकूट के बीच बगदरा के जंगल में बाधित यातायात की स्थितियां कोई नई बात नहीं है। जरा सी बारिश में इस सड़क मार्ग पर ऐसे हालात हर साल बनते हैं।

 

Created On :   28 Aug 2018 2:18 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story