हड़ताल कर रहे दो कर्मचारियों ने किया सुसाइड का प्रयास, रामझूले से टकरा कर घायल

two employees try to commit suicide during strike in nagpur
हड़ताल कर रहे दो कर्मचारियों ने किया सुसाइड का प्रयास, रामझूले से टकरा कर घायल
हड़ताल कर रहे दो कर्मचारियों ने किया सुसाइड का प्रयास, रामझूले से टकरा कर घायल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मेयो अस्पताल के महात्मा फुले जीवनदायी स्वास्थ्य योजना कार्यालय के अनुबंध पर कार्यरत हड़ताल कर रहे दो कर्मचारी तैश में आकर आत्महत्या करने रामझूले की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। वाहन की तेज गति से संतुलन खो गया और रामझूले से टकराकर घायल हो गए। उन्हें मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों का नाम मोहम्मद सलीम और नूतन शेंडे है।

वाहन का संतुलन खो बैठे
सूत्रों ने बताया कि हड़ताली कर्मचारी अनुबंध कालावधि समाप्त होने के बाद नया अनुबंध करने की मांग कर रहे हैं। मेयो प्रशासन नई भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बाध्य कर रहा है। हड़ताली कर्मचारी मेयो के अधिष्ठाता डॉ. अजय केवलिया से मिले, लेकिन समस्या का हल नहीं  निकला। दो दिन से कार्यालय के सामने धरना देकर बैठे कर्मचारियों में से दो कर्मचारी तैश में आकर आत्महत्या करने दोपहिया वाहन पर सवार होकर रामझूला की ओर निकल पड़े। उनके साथ रहे अन्य साथी उन्हें बचाने के लिए पीछे दौड़ते रहे, लेकिन उन्होंने वाहन तेज गति से दौड़ाकर रामझूले पर पहुंचने का प्रयास किया। इससे पहले ही संतुलन खोकर रामझूला की दीवार से टकरा कर घायल हो गए। उन्हें मेयो अस्पताल के अपघात विभाग में उपचार के लिए दाखिल किया गया। 

आनन-फानन में की गई कर्मचारियों की नियुक्ति
कर्मचारी हड़ताल पर चले जाने से दो दिन से कार्यालय का कामकाज ठप है। कर्मचारियों के अपनी मांग पर अड़े रहने से मेयो प्रशासन ने शुक्रवार को एक डाटा एंट्री ऑपरेटर और एक फार्मासिस्ट को आनन-फानन में नियुक्त कर दिया। इसमें से एक को किसी कारणवश टर्मिनेट किया गया था। इस नियुक्ति के लिए किसी प्रकार की भर्ती प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। हड़ताली कर्मचारियाें पर दबाव बनाने के लिए यह हथकंडा अपनाया गया, लेकिन दूसरे दिन भी योजना का कामकाज पूरी तरह ठप रहा।

क्या है मामला
महात्मा फुले जीवनदायी स्वास्थ्य योजना कार्यालय में 4 महीने के अनुबंध पर 6 और 11 महीने के अनुबंध पर 7 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। इनमें से 5 कर्मचारियों का अनुबंध समय 29 सितंबर को समाप्त हो गया। उनकी सेवा आगे शुरू रखने के लिए नया अनुबंध नहीं किया गया है। मेयो प्रशासन ने नई भर्ती प्रक्रिया अपनाने की प्रक्रिया शुरू की है। इस प्रक्रिया में उन्हें दोबारा शामिल होने के लिए कहा जा रहा है। कर्मचारियाें का कहना है कि जब स्वास्थ्य सेवा संचालनालय के निर्देश हैं कि अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों का काम समाधानकारक रहने पर 8 प्रतिशत वेतनवृद्धि के साथ उन्हें अगले 11 महीने का अनुबंध किया जाए, तब उन्हें दोबारा भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने के क्या मायने हैं। दूसरी तरफ मेयो प्रशासन अपनी बात पर अड़ा हुआ है। हालांकि 1 कर्मचारी का अनुबंध समय 4 दिन बाद समाप्त हो रहा है। अन्य 7 कर्मचारियाें का अनुबंध समय नवंबर में समाप्त होगा। उनके साथी 5 कर्मचारियों का अनुबंध कालावधि समाप्त होने के बाद भी नया अनुबंध नहीं किए जाने से आगे चलकर उनके साथ भी यही रवैया अपनाए जाने का उन्हें डर सता रहा है। इसके चलते सभी 13 कर्मचारी बुधवार की शाम से हड़ताल पर चले गए। 

Created On :   6 Oct 2018 9:35 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story