- Home
- /
- जंगली हाथी और बाघ के हमलों में दो...
जंगली हाथी और बाघ के हमलों में दो ने गंवाई जान

डिजिटल डेस्क, कोरची (गड़चिरोली) । ओड़िशा राज्य से गड़चिरोली जिले में दाखिल हुए जंगली हाथियों का उपद्रव थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की शाम 6 बजे के दौरान हाथियों के झुंड ने तहसील के कोटगुल वन परिक्षेत्र के तहत आने वाले ग्राम तलवारगढ़ में प्रवेश कर जमकर उधम मचाया। गांव के 9 में से 8 घरों को ध्वस्त करने के बाद हाथियों ने एक वद्ध किसान को भी कुचल दिया, जिसमें किसान की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। मृत किसान का नाम तलवारगढ़ निवासी धनसिंह टेकाम (71) है। इसके बाद हाथियों ने क्षेत्र के खेतों में पहुंचकर धान की फसल को भी तहस-नहस कर दिया।
वर्तमान में हाथियों का लोकेशन टिपागढ़ पहाड़ी परिसर में होकर यहां बसे गांवों के नागरिकों में दहशतपूर्ण माहौल निर्माण हुआ है। दो दिन पूर्व जंगली हाथियों ने कुरखेड़ा तहसील के वनक्षेत्र में प्रवेश किया था। शुक्रवार की शाम 6 बजे के दौरान जंगलों से विचरण करते हुए हाथियों का झुंड तलवारगढ़ गांव में जा पहुंचा। गांव में केवल 9 घरों की बस्ती है। एकसाथ 25 की संख्या में पहुंचे हाथियों ने 8 घरों को ध्वस्त कर दिया। लोगों ने हाथियों को खदेड़ने का प्रयास करने पर हाथी आक्रामक हो गए। हाथी ने धनसिंह टेकाम को पैरों तले रौंद दिया। तलवारगढ़ समीपस्थ नेहायकल गांव निवासी चम्मीबाई धनसिंह पुडो, सुखदेव कुल्लुराम कुरचाम, चैतु सुखदेव कुरचाम के खेतों में पहुंचकर हाथियों ने धान की फसलों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। तलवारगढ़ गांव में हाथियों द्वारा मचाए गये इस उपद्रव के कारण ग्रामीणों में भयपूर्ण माहौल निर्माण हो गया है। घटना की जानकारी मिलने पर वनविभाग की टीम ने शनिवार की दोपहर तलवारगढ़ गांव पहुंचकर पंचनामा किया। इस मामले में कोरची पुलिस ने मर्ग दाखिल किया है।
Created On :   6 Nov 2022 1:56 PM IST












