- Home
- /
- अमरावती में एक ही दिन दो हत्याओं से...
अमरावती में एक ही दिन दो हत्याओं से पुलिस महकमे में हड़कम्प

डिजिटल डेस्क, अमरावती। अमरावती शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के जवाहर गेट के पास के मनपा संकुल और फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के मालखेड़ रोड स्थित सुदर्शन नगर में दो हत्याओं से दहशत मची हुई है। जानकारी के मुताबिक बेलपुरा निवासी संतोष उर्फ पापा पछेल नामक युवक की फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के सुदर्शन नगर परिसर में हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल पहंुच गया। आरोपियों का पता नहीं चल पाया है
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बालू उर्फ शुभम गुल्हाने (25, पार्वतीनगर) की हत्या कर दी गई। शुभम गुल्हाने भी पुलिस में रिकार्डधारी बदमाश के रूप में पहचाना जाता है। उस पर कई मामले दर्ज हैं। शुभम पहले साबनपुरा परिसर में ही रहता था। इस कारण वर्तमान स्थिति में वह इस परिसर में हमेशा शराब पीकर हंगामा किया करता था। साबनपुरा के परकोटे के सामने मनपा का जवाहरगेट संकुल है। इस संकुल की रखवाली करने मनपा ने चौकीदार नियुक्त किया है । शुभम गुल्हाने इस संकुल में हमेशा ही रात के दौरान चोरी के इरादे से आता था। उसका इसी बात को लेकर मनपा के चौकीदार रहाटगांव निवासी विनायक रामचंद्र रायबोले के साथ विवाद हुआ।
चौकीदार रायबोले ने उसे वहां से जाने के लिए कहा। लेकिन उसने चौकीदार के साथ झगड़ा शुरू किया। तब उसने शुभम को लाठियों से पीटा। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिससे खबराया हुआ चौकीदार वहां से चला गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मी शुभम ने दम तोड़ दिया। शुरुआती दौर में शुभम की हत्या किसने की इसका कही पता नहीं चल पा रहा था। इस कारण पुलिस ने परिसर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। तब उसमे रात में घटित घटना कैद हुई थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर चौकीदार विनायक रोयबोले को गिरफ्तार किया है।
Created On :   2 Sept 2022 10:51 AM IST