- Home
- /
- बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर करतब कर...
बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर करतब कर रहे दो रूसी नागरिक गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,मुंबई। मुंबई पुलिस ने महानगर के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर करतब करने वाले दो रूसी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि यह घटना बुधवार शाम की है और रूसी नागरिकों की पहचान माकसिम शेर्बाकोव (24) और वासिली कोलेसेनिकोव (30) के रूप में की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों लोग बांद्रा से टैक्सी के जरिए सी लिंग पहुंचे। कुछ देर चलने के बाद माकसिम ने पुल के खंभे पर चढ़ना शुरू कर दिया और वासिली माकसिम की तस्वीरें खींचने और वीडियो बनाने के लिए नीचे खड़ा रहा।
कुछ राहगीरों ने सी लिंक के कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सतर्क किया गया।वर्ली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल कोली ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कोली ने बताया कि दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7,500 रुपए की जमानत पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जांच में पता चला कि ये दोनों लोग किसी सर्कस में काम करते हैं और करतब करने के लिए अकसर ऊंचे ढांचों पर चढ़ते हैं तथा अपनी तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। मुंबई पुलिस के आतंकवादी रोधी प्रकोष्ठ ने भी दोनों से पूछताछ की, लेकिन उनके खिलाफ कोई संदेहास्पद बात सामने नहीं आई।
Created On :   10 April 2021 7:04 PM IST