- Home
- /
- अलग-अलग मामलों में दो स्टूडेंट्स ने...
अलग-अलग मामलों में दो स्टूडेंट्स ने लगाया मौत को गले, मरने से पहले ली आखिरी सेल्फी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अलग-अलग स्थानों पर दो विद्यार्थियों की फांसी लगाने से मौत हो गई। एक विद्यार्थी ने फंदे पर लटककर पहले सेल्फी निकाली और फिर मौत को गले लगा लिया। रविवार को विविध स्थानों पर घटित इन प्रकरणों में हुड़केश्वर और कोराड़ी थाने में आकस्मिक मृत्यु के प्रकरण दर्ज किए गए है। पिपला रोड स्थित चक्रपानी नगर निवासी गौरव गोविंदराव मोहिते (22) बी.कॉम अंतिम वर्ष का विद्यार्थी था। उसके पिता मजदूरी करते हैं। रविवार को घर में कोई नहीं था। किसी कारण के चलते गौरव ने सीलिंग फैन पर चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई।
मृत्यु के पहले गौरव ने फंदा गले में डाला और लटकी हुई अवस्था में अपने मोबाइल में सेल्फी निकाली और यह सेल्फी उसने सिद्धेश देशपांडे नामक िमत्र को भेजी। उस वक्त सिद्धेश बस्ती में ही गणेश उत्सव मंडल के पंडाल में बैठा हुआ था। इसी मंडल का गौरव भी सदस्य है। पंडाल में अन्य युवक भी बैठे हुए थे, जो सेल्फी देखते ही गौरव के घर की ओर दौड़े, भीतर से दरवाजा बंद था। खिड़की से अंदर देखा तो गौरव फंदे पर लटका हुआ था। लिहाजा दरवाजा तोड़कर गौरव को मेडिकल अस्पताल ले गए। लगभग एक घंटे बाद ही गौरव ने दमतोड़ दिया। घटना का कारण ज्ञात नहीं हुआ है।
इसी तरह का दूसरा वाकया कोराड़ी थानांतर्गत बोखारा वार्ड नंबर-2 में जगदंबाधाम में हुआ। रूपल चंद्रकांत आवडे (24) आईटीआई का विद्यार्थी था। उसके पिता की बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर हैं और उनकी किराने की दुकान भी है। रविवार को रूपल की मां घर में थी, पिता काम से बाहर गए हुए थे। रूपल अपने दफ्तर में बैठा हुआ था। इस बीच रूपल ने सीलिंग फैन पर चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली, इससे उसकी भी मौत हो गई है। घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें बेरोजगारी से त्रस्त होकर उक्त कदम उठाए जाने का उल्लेख है, हालांकि रूपल विद्यार्थी था। उसके पिता व्यापारी हैं इसके बावजूद रूपल का बेरोजगारी के चलते आत्मघाती कदम उठाना समझ से परे है। इस बीच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जांच जारी है।
Created On :   18 Sept 2018 5:04 PM IST