- Home
- /
- दुपहिया से ढो रहा था शराब, वाहन...
दुपहिया से ढो रहा था शराब, वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक मृत, तीन घायल

डिजिटल डेस्क, वरुड़ (अमरावती)। दोपहिया वाहन पर गांवठी शराब ले जाने वाले एक दोपहिया सवार ने अपनी गाड़ी लापरवाही से चलाते हुए मार्ग से पैदल जा रहे वृद्ध दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोपहिया सवार की मृत्यु हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना वरुड़ शहर के बस स्टैंड से रिलायंस पेट्रोलपंप रोड के दौरान सोमवार की शाम घटित हुई।
जानकारी के मुताबिक शहापुर (पुनर्वसन) परिसर निवासी राम सुरेश धुर्वे (30) व आकाश सुरेश राऊत (21) नामक युवक एमएच 27/सीई 4625 क्रमांक की दोपहिया पर गांवठी शराब लेकर जा रहे थे। तभी बीच रास्ते में अपनी दुकान से घर जाने के लिए पैदल निकले शंकर गुदा परमार (75) और उनकी पत्नी गंगा शंकर परमार को दोपहिया सवार राम धुर्वे ने अपनी गाड़ी लापरवाही से चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में चालक राम धुर्वे, की मृत्यु हो गई। जबकि उसका साथी आकाश राऊत व परमार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना घटित होते ही घटनास्थल पर नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। परमार दंपति की हालत नाजुक रहने से उन्हें अमरावती रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Created On :   8 Feb 2022 2:25 PM IST