- Home
- /
- उद्योग जगत को राहत: दुपहिया वाहन से...
उद्योग जगत को राहत: दुपहिया वाहन से कारखाने तक आ सकेंगे कर्मचारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कंपनियों से दस किमी दूर रहने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी पर आने के लिए मोटर साइकिल से आवाजाही के लिए अनुमति दी जाएगी। प्रदेश के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने उद्योगों को यह आश्वासन दिया है। सोमवार को महाराष्ट्र चेंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्री एण्ड एग्रिकल्चर की ओर से ई- सभा मेंलॉकडाउन के कारण उद्योगों को होने वाली समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान कुछ उद्यमियों ने कर्मचारियों को मोटर साइकिल दस किमी दूरी तक जाने के लिए अनुमति देने की मांग की। इस पर देसाई ने कहा कि सरकार इस मांग को लेकर सकारात्मक है। कंपनी से दस किमी के अंतर पर रहने वाले कर्मचारियों को मोटर साइकिल से आने जाने के लिए अनुमति दी जाएगी।
देसाई ने बताया कि लॉकडाउन के चलते बंद उद्योगों को दोबारा शुरू करने के लिए 25 हजार आवेदन आए हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों की समस्याओं को दूर करने के लिए हेल्प डेस्क शुरू किया जाएगा। सरकार को उद्योग शुरू करने की आवश्यकता समझ में आने के बाद व्यापक तैयारी की गई है। वरिष्ठ अफसरों का एक्शन समूह बनाया गया है। केंद्र सरकार के दिशानिर्देश का पालन करते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया से उद्योगों को अनुमति दी जा रही है। इस चर्चा सत्र में महाराष्ट्र चेंबर ऑफ कॉमर्स-इंडस्ट्री एण्ड एग्रिकल्चर के अध्यक्ष संतोष मंडलेचा, विदर्भ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के विवेक डालमिया, अमरावती चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री केअध्यक्ष विनोद कलंत्री, चेंबर ऑफ मराठवाड़ा इंडस्ट्रीज एण्ड एग्रिकल्चर के अध्यक्ष गिरिधर संगनेरिया सहित लगभग 250 उद्यमी शामिल हुए।
Created On :   27 April 2020 7:39 PM IST