नागपुर BJP में हो सकता है बड़ा फेरबदल , उमा भारती के गोपनीय दौरे से अटकलें तेज

Uma bharti secret tour of nagpur, may be changes in BJP
नागपुर BJP में हो सकता है बड़ा फेरबदल , उमा भारती के गोपनीय दौरे से अटकलें तेज
नागपुर BJP में हो सकता है बड़ा फेरबदल , उमा भारती के गोपनीय दौरे से अटकलें तेज

डिजिटल डेस्क नागपुर। संघ में कार्यकारिणी चुनाव के बाद भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल की हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय जलापूर्ति व स्वच्छता मामलों की मंत्री उमा भारती के नागपुर दौरे को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। उमा भारती ने  संघ मुख्यालय पहुंचकर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात की। करीब 1 घंटे तक चर्चा के बाद वे मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुईं। कहा जा रहा है कि  2019 में होनेवाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की केंद्रीय कार्यकारिणी में बड़े स्तर पर बदलाव किया जाएगा। भाजपा में इन दिनों नेताओं का दो वर्ग उभर रहा है। एक वर्ग भाजपा में सक्रिय राजनीति के साथ ही संघ विचाराें के लिए कार्य करने का दावा करता है। इस दूसरे वर्ग में उमा भारती का भी समावेश है। लिहाजा भारती का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुश्री भारती ने अपने दौरे को गोपनीय रखा। 

उपचुनाव में पराजय से सबक
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के गृह क्षेत्र समेत लोकसभा की दो सीटों पर उपचुनाव में भाजपा की पराजय को संघ ने गंभीर माना है। मंदिर निर्माण, गौ संरक्षण समेत अन्य मामलों पर भाजपा को लेकर उनके समर्थकों में अविश्वास का माहौल बना है। विचारधारा की राजनीति को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश में आदित्यनाथ को सरकार का नेतृत्व दिया गया। बाद में संघ पृष्ठभूमि के नेताओं का महत्व एकाएक कम होने लगा। मुख्यमंत्री भी 6 माह बाद ही केंद्र सरकार के निर्देशों तक सीमित दिखाई देने लगे। सरकार व संघ के लोगों पर दिल्ली के नियंत्रण का मामला केंद्रीय स्तर पर मंथन का विषय बना है। उमा भारती उत्तर प्रदेश की राजनीति में पहले से सक्रिय रही हैं। 2012 में नितीन गडकरी भाजपा के अध्यक्ष थे। तब उमा भारती को सामने रखकर ही उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ा गया था। भाजपा के पूर्व महासचिव संजय जोशी की भी महत्वपूर्ण भूमिका थी। 

सरकार के प्रति असंतोष
2017 में सत्ता मिलने के बाद भी उत्तर प्रदेश में संघ विचारों के अनुरूप होनेवाले कार्यों को गति नहीं मिलने से कई पदाधिकारी सत्ता के प्रति असंतुष्ट हैं। हाल ही में संघ के मेरठ में संघ के सम्मेलन में कई विषय सामने आए थे, जिनमें सरकार के प्रति असंतोष का मामला भी था। माना जा रहा है कि उमा भारती ने उत्तर प्रदेश की ताजा राजनीतिक स्थिति पर सरसंघचालक से चर्चा की। साथ ही भाजपा में केंद्रीय स्तर पर संघ पृष्ठभूमि के कुछ नेताओं का महत्व बढ़ाने को लेकर भी भाजपा के एक वर्ग की अपेक्षा के विषय पर चर्चा हुई। 

मध्यप्रदेश में संघ सक्रिय 
मध्यप्रदेश में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाला है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को लेकर लोगों में असंतोष सामने आ रहा है। हालांकि भाजपा ने शिवराज सिंह के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ने की तैयारी की है। खास बात उमा भारती की मध्यप्रदेश की राजनीति में वापसी की चर्चा समय-समय पर सुनी जाती है। विविध कार्यक्रमों में वे सक्रिय भी रहती हैं। सुश्री भारती ने भले ही कहा है कि वे चुनाव की राजनीति नहीं करेगी। झांसी से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी, लेकिन मध्यप्रदेश में उनकी सक्रियता कम नहीं हुई है। शुक्रवार को होशंगाबाद जिले के बांदाभान में नदी महोत्सव का आयोजन होने वाला है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के अलावा केंद्रीय जलसंसाधन मंत्री नितीन गडकरी व संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के साथ ही संघ पृष्ठभूमि के नेता चुनाव तैयारी में जुट जाएंगे। बताया जाता है कि नदी महोत्सव का खाका उमा भारती ने ही तैयार किया है। सरसंघचालक के साथ चर्चा में यह विषय भी शामिल रह सकता है।
 

Created On :   16 March 2018 1:00 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story