बेरोजगारों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार

Uncovered gang busting unemployed, 2 accused arrested
बेरोजगारों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार
बेरोजगारों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बेरोजगारों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दर्जनभर पीड़ित युवाओं ने दो महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ बेलतरोड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।  अदालत में पेश करने पर  उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। फरार तीन आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है। 

पावरग्रिड में नौकरी का दिया झांसा
आरोपियों ने पावरग्रिड में अभियंता समेत अन्य पदों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगारों से लाखों रुपए ऐंठ लिए हैं। बेरोजगारों को फांसने के लिए आरोपी स्थानीय अखबारों में पावरग्रिड कंपनियों में रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन प्रकाशित करते थे। विज्ञापन देखकर खापरखेड़ा के भीम नगर निवासी निखिल महेंद्र सहारे (24) ने आरोपियों से संपर्क किया था। निखिल ने इलेक्ट्रिकल में अभियांत्रिकी की शिक्षा प्राप्त की है। उसे भी पावरग्रिड में नौकरी दिलाने का झांसा आरोपियों ने दिया था। नौकरी के बदले आरोपियों ने निखिल से 9.50 लाख रुपए लिए थे। इसमें से एक लाख रुपए निखिल को वापस किए। इसके पूर्व निखिल ने नौकरी की  बात अपने मित्रों और परिचितों को बताई। उन लोगों ने भी आरोपियों से संपर्क किया। उन्हें भी पावरग्रिड में नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपियों ने उनसे भी रुपए ऐंठ लिए हैं। इस मामले में अभी तक दस पीड़ितों ने शिकायत की है। उन्हें 35 से 36 लाख रुपए से ठगा गया है। 

आरोपी ‘क्रेस्ट’ कंपनी के संचालक व पदाधिकारी
बेलतरोड़ी स्थित अपार्टमेंट निवासी अक्षय अशोककुमार अग्रवाल (30) और हिमांशी प्रकाश भागवानी (25), सिद्धार्थ अपार्टमेंट, राजश्री नगर निवासी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाईवीएस श्यामसुंदर, नौना चेलवानी और गौरव क्षीरसागर नामक व्यक्ति की सरगर्मी से तलाश किया जा रहा है। आरोपी क्रेस्ट टेक्नालॉजी नामक कंपनी के संचालक और पदाधिकारी हैं। कंपनी की देशभर में शाखाएं हैं।

पीड़ितों की बढ़ सकती है संख्या
पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना है। प्रकरण दर्ज कर अक्षय और हिमांशी को दबिश देकर उनके घर से दबोच लिया गया है। आरोपियों के मोबाइल, बैंक डिटेल्स और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। दोनों को अदालत में पेश कर 19 दिसंबर तक रिमांड पर लिया गया है। शेष फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है। वरिष्ठ निरीक्षक विजय आकोत के मार्गदर्शन में मामले की जांच-पड़ताल जारी है।
 

Created On :   19 Dec 2020 3:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story