- Home
- /
- प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत...
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महाराष्ट्र में बनेंगे 17 लाख मकान

विजय सिंह ’कौशिक’। मुंबई राज्य में सरकार बदलने के साथ ही मोदी सरकार की योजनाओं को गति मिलने वाली है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ’प्रधानमंत्री आवास योजना’ (पीएमवाई) के तहत राज्य भर में विभिन्न स्थानों पर 1550 परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इस योजना के तहत राज्यभर में 17 लाख 2 हजार 967 आवासों का निर्माण किया जाएगा। फिलहाल पांच लाख घरों का निर्माण कार्य चल रहा है।
गृह निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ’दैनिक भास्कर’ को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के लिए पिछले दिनों नागपुर में बैठक आयोजित की गई थी। नागपुर विभाग में 260 परियोजनाओं में 1 लाख 1312 घर बनाए जाने हैं। इनमे से 94 हजार 782 घर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर गरीब व्यक्ति को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2015 में इस योजना की घोषणा की थी। इन घरों का निर्माण राज्य में म्हाडा, हुडको, राष्ट्रीय आवास बोर्ड, सिडको और निजी डेवलपर्स द्वारा किया जाएगा। हालांकि, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए स्वीकृत 8 लाख 12 हजार 923 घरों में से अब तक 2 लाख 96 हजार 327 मकान ही बनकर तैयार हुए हैं। योजना के तहत राज्य में बनने वाले 17 लाख 2967 घरों में से 10 लाख 61 हजार 524 आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के लिए आरक्षित किए गए हैं।
केंद्र सरकार देगी 4439 करोड़
इन मकानों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार 4,439 करोड़ रुपये का योगदान देगी। फिलहाल केंद्र सरकार से सिर्फ 1,689 करोड़ रुपये ही मिले हैं। केंद्र से अभी 2,750 करोड़ रुपये आना बाकी है।
सरकार बदलते हो ठप हो गया था काम
राज्य में फडणवीस सरकार के जाने और तीन दलों वाली महा आघाड़ी सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना का काम लगभग ठप पड़ गया था। पिछले दो सालो से पीएमवाई को लेकर कोई बैठक नहीं हुई जबकि तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस योजना को लेकर हर माह समीक्षा बैठक करते थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया की इस आवास योजना के तहत 2024 तक सभी मकान बनाने के निर्देश दिए गए थे। पर 2024 तक यह काम पूरा होना संभव नहीं है। उन्होंने कहा की कोरोना के कारण भी इसमें देरी हुई है।
नागपुर में किन्नरों के लिए विशेष आवास
अधिकारी ने बताया की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य की उपराजधानी नागपुर में किन्नर समुदाय के लिए एक स्वतंत्र कालोनी बनाया जाएगा। यह कार्य नागपुर विकास न्यास (एनआईटी) के माध्यम से पूरा किया जाएगा।
शहर परियोजना घरों की संख्या
नागपुर 140 68309
वर्धा 30 9516
अमरावती 67 22865
अकोला 41 14619
चंद्रपुर 34 8587
गोंदिया 14 4198
गड़चिरोली 25 4782
औरंगाबाद 43 53150
नाशिक 48 7769
जलगांव 78 17516
मुंबई 06 207785
ठाणे 47 252989
पुणे 130 89086
Created On :   14 July 2022 10:30 AM IST