निर्विरोध का प्रयास नाकाम, अब सीधे मुकाबला

Unopposed attempt failed, now direct contest
निर्विरोध का प्रयास नाकाम, अब सीधे मुकाबला
विधान परिषद चुनाव निर्विरोध का प्रयास नाकाम, अब सीधे मुकाबला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानपरिषद की नागपुर स्थानीय निकाय संस्था सीट के लिए भाजपा व कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होगा। चर्चा थी कि राज्य में निर्विरोध चुनाव कराने के लिए भाजपा व कांग्रेस के बीच फार्मूले पर बात चल रही है। शुक्रवार को उम्मीदवार के नाम वापसी के लिए तय अंतिम समय तक चर्चा चलती रही, लेकिन बाद में साफ हो गया कि यहां कोई फार्मूला तय नहीं हुआ है। भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर बावनकुले का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र उर्फ छोटू भोयर से होगा। निर्दलीय मंगेश देशमुख भी मैदान में रहेंगे। 

भाजपा ने जताई थी निर्विरोध की तैयारी
भाजपा ने निर्विरोध चुनाव की तैयारी जताई थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने भी कहा था कि निर्विरोध चुनाव होने चाहिए। गुरुवार को सुबह से ही इसी विषय पर चर्चा चलती रही। बताया जाता रहा कि पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा कर राज्य में निर्विरोध चुनाव कराने के फार्मूले को अागे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन शुक्रवार को उम्मीदवार के नाम वापसी के अंतिम दिन भी फार्मूला तय नहीं हो पाया। कहा जा रहा था कि कोल्हापुर सीट कांग्रेस व नागपुर सीट भाजपा को दी जा सकी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने भी कहा कि इस तरह के प्रयास चल रहे हैं। ‘घोड़ा बाजार’ अर्थात मतदाताओं की खरीद-फरोख्त को टालने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है, लेकिन आखिर तक बात नहीं बन पाई। सूत्र का दावा है कि फार्मूले को कांग्रेस ने ही स्वीकार नहीं किया। संघ मुख्यालय व दो बड़े भाजपा नेताओं के शहर में कांग्रेस किसी भी तरह से भाजपा के सामने झुकने को तैयार नहीं है। 

भाजपा कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
कांग्रेस की रणनीति पर चर्चा : चुनाव को लेकर भाजपा खास सक्रिय है। नगरसेवकों को ‘घोड़ा बाजार’ से बचाने के प्रयासों पर भाजपा काम करने लगी है। शुक्रवार को कांग्रेस भी सक्रिय हुई। प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, पालकमंत्री नितीन राऊत, पशु संवर्धन मंत्री सुनील केदार, शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे, जिला ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र मुलक ,उमरेड के विधायक राजू पारवे की उपस्थिति में विधानपरिषद सदस्य अभिजीत वंजारी के सक्करदरा क्षेत्र स्थित कार्यालय में कांग्रेस की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता संख्याबल पर चर्चा की। मतदाताओं के रुझान, चुनावी रणनीति व पदाधिकारियों को दी जाने वाली जवाबदारी के विषयों पर चर्चा हुई। शहर व ग्रामीण कांग्रेस के नगरसेवकों की अलग अलग बैठकंे हुईं। बाद में मनपा, जिला परिषद व नगर परिषद के सदस्यों को एक होटल में ले जाया गया। उसके बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष के निवास स्थान पर प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं से चर्चा की गई। 

उम्मीदवार
1. चंद्रशेखर बावनकुले, भाजपा
2. रवींद्र उर्फ छोटू भोयर, कांग्रेस
3. मंगेश देशमुख, निर्दलीय

मतदान 
10 दिसंबर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
14 दिसंबर मतगणना
 

Created On :   27 Nov 2021 3:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story