तबादला न होने से परेशान एएसआई ने की आत्महत्या

Upset over not being transferred, ASI commits suicide
तबादला न होने से परेशान एएसआई ने की आत्महत्या
अमरावती तबादला न होने से परेशान एएसआई ने की आत्महत्या

डिजिटल डेस्क,अमरावती । शहर पुलिस आयुक्तालय परिक्षेत्र में आनेवाले वलगांव पुलिस स्टेशन में सहायक उपनिरीक्षक के रूप में कार्यरत विजय किसनराव अडोकार ने वडाली परिसर के डेंटल कॉलेज रोड पर सागौन के पेड़ पर दुपट्टे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।  पुलिस कर्मचारी द्वारा आत्महत्या करने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ हैं। मृतक जवान की पत्नी ने फ्रेजरपुरा थाने में शिकायत दर्ज कर पति की आत्महत्या के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया हैं। मृतक के संतप्त रिश्तेदारों ने सुबह संबंधितों पर कार्रवाई होने तक शव न उठाने की भूमिका अपनाई थी। इस कारण कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्माण हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक शहर के गगलानी नगर निवासी एएसआई विजय अडोकार वलगांव थाने में कार्यरत था। इस पुलिस कर्मी ने फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में आनेवाले डेंटल कॉलेज के पास एक सागौन के पेड़ पर फांसी लगा ली। घटनास्थल पर मृतक जवान के परिजन व रिश्तेदार सहित नागरिक बड़ी संख्या में जमा हो गए थे। जवान की के आत्महत्या का कारण पहले पता नहीं चल पा रहा था। लेकिन यह पता चला था कि वह वैद्यकीय अवकाश पर था। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक विजय अडोकार के पिता की मंगलवार, 10 मई को तेरहवीं थी। इसी दिन वह रात को अचानक घर से बाहर चले गए आैर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया। जिला अस्पताल में सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में आ पहुंचे। मृतक के रिश्तेदार काफी संतप्त दिखाई दिए आैर उन्होंने विजय की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए मृतक का शव लेने से इनकार कर दिया। इस कारण कुछ समय के लिए जिला अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति निर्माण हो गई थी। किंतु पुलिस में शिकायत करने के बाद फ्रेजरपुरा पुलिस ने संतप्त परिजनों को मध्यस्थी करते हुए समझाया। इसके पश्चात मामला शांत हुआ आैर  आश्वासन के बाद शव ताबे में लिया। पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरू की हैं।

तीन बार आया था पैरालिसिस का अटैक
मृतक विजय अडोकार के परिजनों का कहना हैं कि वलगांव में कार्यरत रहते समय उन्हें (विजय) तीन दफा पैरालिसिस का अटैक आया था। एक दफा चलती गाड़ी में वलगांव थाने से कुछ ही दूरी पर घर लौटते समय वे दोपहिया से नीचे गिर पड़े थे। तब उनके सहयोगी जवानों ने विजय को शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाकर भर्ती किया था। उस दुर्घटना के बाद शरीर से कमजोर हुए अडोकार ने वलगांव से अमरावती तबादला करने की अपील अर्जी पुलिस आयुक्त से की थी। बार-बार तबादले का अनुरोध करने पर भी तबादला नहीं किया। जिससे परेशान होकर उसने अपनी लीला समाप्त कर ली। परिजनों का कहना था कि मृतक की सेवानिवृत्ति को चार वर्ष शेष थे।
 

Created On :   12 May 2022 12:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story