- Home
- /
- वैवाहिक वेबसाइट से तलाकशुदा महिलाओं...
वैवाहिक वेबसाइट से तलाकशुदा महिलाओं को बनाता था शिकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वैवाहिक वेबसाइट के जरिए दूसरी शादी की इच्छुक तलाकशुदा महिलाओं को फांसकर शारीरिक संबंध बनाने और लाखों रुपए ऐंठने वाले एक 42 वर्षीय आरोपी को ठाणे की कलवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को ठगी का शिकार हुई एक महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है जिसे शादी का झांसा देकर आरोपी ने तीन साल तक संबंध बनाए। इस दौरान अलग-अलग बहानों से महिला से 13 लाख 60 हजार रुपए भी ऐठ लिए। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी से उसकी पहचान साल 2018 में वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई थी। आरोपी उसे 2020 तक शादी का झांसा देता रहा। इस दौरान उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और लाखों रुपए ऐंठे।
छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने इसी तरह कई तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाया है। पकड़ा गया आरोपी शादीशुदा है फिर भी वह महिलाओं को खुद को कुंवारा बताकर जाल में फंसा रहा था। महिलाओं को झांसा देने के लिए वह कई फर्जी नामों का इस्तेमाल करता था। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजेश उर्फ राज देशमुख उर्फ शिवाजी यशवंतराव है। आरोपी ने महिला को झांसा देने के लिए फर्जी नाम का इस्तेमाल किया था इसलिए उसकी पहचान में मुश्किल आ रही थी लेकिन पुलिस ने आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल के जरिए जानकारी इकठ्ठा की और उसे भिवंडी के शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से ठाणे जिले के ही मुरबाड तालुका में स्थित कासगांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ इसी तरह तलाकशुदा महिलाओं को वैवाहिक वेबसाइट के जरिए झांसा देकर अपने जाल में फंसाकर दुष्कर्म और ठगी के आरोप में ठाणे कोनगांव और नई मुंबई के कोपरखैरणे पुलिस स्टेशनों में भी एफआईआर दर्ज है। सीनियर इंस्पेक्टर मनोहर आव्हाड ने बताया कि आरोपी खास तौर पर उन महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था जो तलाकशुदा हैं और दूसरी शादी की इच्छुक हैं। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Created On :   5 Nov 2022 7:00 PM IST