- Home
- /
- सो रहे युवक की लाठियों से पीटकर...
सो रहे युवक की लाठियों से पीटकर हत्या -जमीन का था विवाद , आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क सीधी। जमीनी विवाद को लेकर एक अधेड़ की परिवार के ही लोगों द्वारा लाठी से पीटकर उसकी हत्या कर दी गई है। आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना जिले के मझौली थानान्तर्गत गंगई की है।
पम्प हाउस में सो रहा था मृतक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरजू साहू पिता रामस्वरूप साहू उम्र 45 वर्ष का जमीनी विवाद परिवार के साथ चल रहा था। रविवार की रात सरजू साहू भोजन के बाद घर से अपने खेत स्थित पंप हाउस में सोने गया था जहां सोने के दौरान दिनेश उर्फ छोटकइला साहू पिता रामनाथ साहू, रामभजन पिता दिनेश साहू, रामकरण उर्फ बंगाली पिता गणेश साहू, रामवरण साहू पिता गणेश साहू सभी निवासी गंगई आधी रात को मृतक के पंप हाउस में लाठी लेकर पहुंच गये जहां सो रहे सरजू साहू पर चारों लोग लाठी से वार करने लगे। मारपीट से वह बेहोश हो गया तो आरोपी उसे चारपाई पर छोड़कर भाग निकले।
युवक को मरा समझ कर भागे थे आरोपी
थोड़ी देर बाद उसे कुछ होश आया तो वह इसकी जानकारी घर के लोगों को दिया। मौके पर पहुंचे घर के परिजनों को उसने मारने वाले आरोपियों का नाम बताया लेकिन इस दौरान वह पुन: अचेत हो गया। बताया गया है कि नाम बताने के बाद बेहोश हुआ सरजू को फिर होश नहीं आया और बेहोशी हालत में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के बताये अनुसार परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके से पहुंची पुलिस पंचनामा कार्रवाई करते हुये आरोपियों को भी उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पुलिस पूछतांछ करते हुये उन पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
काफी समय से चल रहा था विवाद
बताया गया है कि मृतक एवं आरोपियों के बीच काफी समय से जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। मारपीट की स्थिति पहले भी निर्मित हुई थी। आरोपी मृतक को मारने का प्रयाास कर रहे थे। मृतक अपने खेत में फसल गहाई मिजाई को लेकर पंप हाउस में पिछले कुछ दिनों से रात में सो रहा था। जिससे पहले से मौके की तलाश में रहे आरोपी उसके साथ सोमवार की दरम्यानी रात मारपीट कर दिये। इस दौरान उसके बेहोश हो जाने से आरोपी वहां से भाग निकले। लेकिन कुछ समय बाद उसे होश आ गया और वह इसकी जानकारी घर के परिजनों को दे दी। जिससे आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गये।
Created On :   7 May 2018 7:32 PM IST