महाराष्ट्र दिवस पर काला दिवस मनाएंगे विदर्भवादी

Vidarbha supporters to observe maharashtra day as black day
महाराष्ट्र दिवस पर काला दिवस मनाएंगे विदर्भवादी
महाराष्ट्र दिवस पर काला दिवस मनाएंगे विदर्भवादी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर करार अंतर्गत विदर्भ महाराष्ट्र में शामिल किया गया, लेकिन पिछले 70 सालों में नागपुर करार का पालन नहीं हुआ। विदर्भ के कुछ गिने-चुने शहरों में विकास हुआ। 90 प्रतिशत विदर्भ विकास से दूर है। जब तक स्वतंत्र विदर्भ नहीं बनेगा, तब तक संपूर्ण विदर्भ का विकास संभव नहीं है। इस कारण 1 मई महाराष्ट्र दिवस पर विदर्भवादियों ने काला दिवस मनाने का ऐलान किया है। संविधान चौक से रैली निकालकर विदर्भ चंडिका मंदिर में विदर्भ आंदोलन का झंडा लहराया जाएगा। 

भाजपा नेताओं की भाषा कुछ और
पत्र-परिषद में यह जानकारी देते हुए विदर्भ कनेक्ट के अध्यक्ष एड. मुकेश समर्थ ने कहा कि भाजपा के विदर्भ नेताओं ने 2014 के लोकसभा चुनाव में स्वतंत्र विदर्भ गठन को मुद्दा बनाया था। सत्ता में आने के बाद स्वतंत्र विदर्भ निर्माण का आश्वासन भी दिया था। भाजपा केंद्र और राज्य में सत्ता पर आई, लेकिन पांच वर्ष में दिल्ली और महाराष्ट्र के किसी भी नेता ने स्वतंत्र विदर्भ के मुद्दे पर चर्चा नहीं की। स्वतंत्र विदर्भ पर जवाब मांगने पर कुछ भाजपा नेता ‘ठोंकने’ की भाषा बोल रहे हैं। जब तक स्वतंत्र विदर्भ नहीं बनेगा, तब तक विदर्भ के किसान, युवक व आदिवासियों के प्रश्न हल नहीं होंगे। इसी कारण विदर्भवादी महाराष्ट्र दिवस पर काला दिवस मनाकर स्वतंत्र विदर्भ आंदोलन का झंडा लहराएगे। 

विदर्भ राज्य आघाड़ी, विदर्भ कनेक्ट व सभी विदर्भवादी संगठन द्वारा 1 मई को सुबह 7.30 बजे संविधान चौक से बाइक व कार रैली निकाली जाएगी। इस रैली को विदर्भ राज्य आघाड़ी के संस्थापक अध्यक्ष एड. श्रीहरि अणे हरी झंडी दिखाएंगे। रैली सुबह 8.30 बजे विदर्भ आंदोलन के जन्मस्थान इतवारी, शहीद चौक स्थित विदर्भ चंडिका मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद महाआरती होगी। तत्पश्चात 9 बजे एड. श्रीहरि अणे के हाथों विदर्भ चंडिका मंदिर में विदर्भ आंदोलन का ध्वजारोहण किया जाएगा। पत्र-परिषद में विदर्भ राज्य आघाड़ी के कार्याध्यक्ष नीरज खांदेवाले, विदर्भ महाजनजागरण के अध्यक्ष नितीन रोंघे, उमेश चौबे सेवा संस्था, मिशन विदर्भ के मुख्य संयोजक दिलीप नरवडिया, गणेश शर्मा, संदेश सिंगलकर, दिनेश नायडू उपस्थित थे। 

Created On :   30 April 2019 8:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story