- Home
- /
- पृथक विदर्भ के लिए विदर्भवादियों ने...
पृथक विदर्भ के लिए विदर्भवादियों ने दी जिलाधीश कार्यालय पर दस्तक

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। विदर्भ राज्य आंदोलन समिति की ओर से सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर दस्तक देकर एक बार फिर पृथक विदर्भ की आवाज उठाई गयी। इस समय निवासी उपजिलाधिकारी के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भिजवाया गया। ज्ञापन में विदर्भवादियों ने बताया कि, वर्ष 1997 में भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में पृथक विदर्भ राज्य का प्रस्ताव पारित किया गया। महाराष्ट्र राज्य में शामिल विदर्भ के जिलों पर सरकार द्वारा लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। हर वर्ष विदर्भ के जिले को कम निधि दी जाती है, जिसके कारण यहां बेरोजगारी की फौज बढ़ रही है। आदिवासी बहुल गड़चिरोली जिले की स्थिति भी बिकट है। यहां नक्सलवाद फल-फूल रहा है। विकास से वंचित इस क्षेत्र का विकास करने के लिए पृथक विदर्भ की आवश्यकता है। वर्षों से पृथक विदर्भ के लिए आंदोलन किये जा रहे हैं। लेकिन सरकार द्वारा इस मांग पर किसी तरह का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पृथक विदर्भ का निर्माण करने पर ही क्षेत्र का विकास संभव है। भविष्य में पृथक विदर्भ के लिए तीव्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी भी इस समय दी गयी। प्रतिनिधिमंडल में विदर्भ राज्य आंदोलन समिति के जिला समन्वयक अरूण मुनघाटे, जिला उपाध्यक्ष रमेश उप्पलवार, शहर अध्यक्ष रमेश भुरसे, वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष पांडुरंग घोटेकर, दत्तात्रय पाचभाई, शामराव चापले, दत्तात्रय खरवडे, गुरुदेव भोपये, प्रवीण घाटे आदि उपस्थित थे।
Created On :   4 Oct 2022 4:17 PM IST












