- Home
- /
- नागपुर में बनेगा विदर्भ का पहला...
नागपुर में बनेगा विदर्भ का पहला चाइल्ड फ्रेंडली थाना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बच्चे थाने में आकर पुलिस को देखकर डरें नहीं और उन्हें वहां ऐसा माहौल मिले, ताकि उनके बाल मन में गलत प्रभाव न पड़े, इसके लिए बर्डी के थाने को चाइल्ड फ्रेंडली थाना बनाने की दिशा में काम हो रहा है। यह विदर्भ का अपने आप में ऐसा निराला थाना होगा। जहां बच्चे बेझिझक थाने में आकरअपनी शिकायत तथा सुरक्षा के बारे में पुलिस से शिकायत कर सकेंगे। राष्ट्रीय बाल अधिकारी संरक्षण आयोग की रिपोर्ट पर इस थाने का रूप रंग बदला जा रहा है।
खेल-खेल में होगी पूछताछ
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कई बार बच्चे अपनी बात पुलिस ने नहीं कह पाते। अक्सर शिकायत करते वक्त भी बच्चे अपनी मां के साथ थाने में आते हैं। ऐसे बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से ही बर्डी थाने को बच्चा थाना के रूप में तैयार किया जा रहा है। इस बारे में जोन क्रमांक-2 की उपायुक्त विनीता साहू ने बताया कि थाने के हॉल को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। दीवारों पर रंग-रोगन कर बच्चों के पसंदीदा चित्र उकेरे जाएंगे। कुल मिलाकर थाने का ऐसा माहौल तैयार किया जाएगा, कि बच्चे बेझिझक अपनी बात पुलिस से कह पाए। थाने में आने वाले बच्चों को पुलिस के नियमित कामकाज से दूर रखा जाएगा। बच्चों से ऐसा संवाद साधा जाएगा कि उनके मन में डर की भावना न रहे। यह विदर्भ में पहला ऐसा थाना होगा, जो पूरी तरह चाइल्ड फ्रेंडली रहेगा। आने वाले समय में शहर में हर जोन के एक थाने को इस तर्ज पर तैयार करने की योजना है।
वर्ष 1965 में बना था थाना
बर्डी थाने को वर्ष 1965 में बनाया गया था। यह थाना शहर के मध्य भाग में है। आवागमन के सभी साधन आसानी से उपलब्ध है। ऐसे में बच्चे भी थाने तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
Created On :   30 Jun 2021 3:26 PM IST