- Home
- /
- विजयाबाई तिवलकर हत्याकांड : पुलिस...
विजयाबाई तिवलकर हत्याकांड : पुलिस ने मास्टरमाइंड नातिन को प्रेमी के साथ पकड़ा

डिजिटल डेस्क, नागपुर । एमआईडीसी के सप्तक नगर में अपनी नानी विजयाबाई पांडूरंग तिवलकर (65) की हत्या की साजिश में शामिल उसकी नातिन तनू काले को उसके प्रेमी फैजान के साथ अपराध शाखा पुलिस ने अमरावती से गिरफ्तार किया है। फैजान अपने किसी परिचित के यहां रुका था। विजयाबाई हत्याकांड में पुलिस ने इन दोनों के पहले आरोपी नीलेश प्रकाश पौनीकर (18) न्यू मंगलवारी, कादिर उर्फ बाबा खान (18) गुलशन नगर, फरदीन खान (22) यादव नगर और आरजू उर्फ मोहम्मद कमर आलम (20) वनदेवी नगर निवासी को गिरफ्तार कर किया है। फैजान, तनु, नीलेश, फरदीन, आरजू, कादिर को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। सभी आरोपियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश न्यायालय ने दिया है।
तनु ने दी थी टिप
पुलिस के अनुसार तनु ने ही अपने प्रेमी फैजान को जानकारी दी थी कि उसकी नानी के पास नकदी और लाखों रुपए के गहने हैं। उसके बाद आरोपियों ने लूटपाट की योजना बनाई। घटना के दिन तनु अपनी नानी के घर पर मौजूद थी। उसी ने अंदर से दरवाजा खोला था, उसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर लूटपाट की। इस दौरान विजयाबाई की नींद खुलने पर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों ने विजयाबाई के हाथ के कंगन और बाकी गहने नहीं लिए। उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसका खुलासा तनु और उसका प्रेमी ही कर सकता है। ऐसी ही एक घटना कुछ साल पहले वाड़ी इलाके में हुई थी। तनु गुस्सैल दिमाग की है। उसका अपने माता-पिता के साथ ज्यादा बनती नहीं थी। वह दोस्त के साथ रहती थी। वह विजयाबाई के घर में आना जाना करती थी।
Created On :   18 May 2021 2:16 PM IST