- Home
- /
- शिकार के लिए जंगल में गए ग्राम...
शिकार के लिए जंगल में गए ग्राम पंचायत सदस्य की संदेहास्पद स्थिति में मृत्यु

डिजिटल डेस्क, एटापल्ली (गड़चिरोली)। शिकार के लिए जंगल गए तहसील के ग्राम ताड़पल्ली निवासी गेदा ग्रापं के सदस्य राजू मुरा नरोटी (44) की संदेहास्पद मृत्यु होने का मामला उजागर हुआ है। नरोटी के साथियों ने भालू के हमले में उनकी मृत्यु होने की जानकारी एटापल्ली पुलिस थाने को दी है। लेकिन नरोटी के परिजनों ने उनकी हत्या की शिकायत थाने में दर्ज करवाने से अब पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 मार्च की सुबह 7 बजे के दौरान राजू मुरा नरोटी और नरहानुर गांव के कुछ व्यक्ति क्षेत्र के जंगल में शिकार के लिए गए थे। लेकिन शाम पांच बजे के दौरान उक्त नागरिक राजू नरोटी का शव लेकर ताड़पल्ली पहुंचे और उनके परिजनों समेत ग्रामीणों को बताया कि, उनकी मृत्यु भालू के हमले में हुई।
राजू नरोटी के शरीर में भालू के हमले के कोई निशान नहीं पाए जाने के कारण परिजनों ने रविवार, 20 मार्च को एटापल्ली पुलिस थाना पहुंचकर हत्या की शिकायत दाखिल की है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग दाखिल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भिजवाया। इस मामले में राजू नरोटी के परिजनों ने मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है। वहीं ग्रापं सदस्य नरोटी की संदेहास्पद मृत्यु के कारण एटापल्ली के राजनीतिक गलियारे में खलबली मच गयी है।
मामले की जांच चल रही है
इस मामले में राजू नरोटी के साथ जंगल जाने वाले कुल 11 लोगों के बयान दर्ज किए गए हंै। बयान के अनुसार राजू की मृत्यु भालू के हमले में हाेने की प्राथमिक जानकारी सामने आ रही है। इस मामले में मर्ग दाखिल किया गया है। गहनता से मामले की जांच की जा रही है। -विजयानंद पाटील, थानेदार एटापल्ली
Created On :   22 March 2022 4:17 PM IST