- Home
- /
- कचरा संकलन में करार का हो रहा...
कचरा संकलन में करार का हो रहा उल्लंघन, एजेंसियों पर जुर्माना लगाने की ताकीद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कचरा संकलन एजेंसियों पर मनपा में स्वास्थ्य समिति सभापति वीरेंद्र कुकरेजा खफा है। करार में डाली गई शर्तों पर खरा नहीं उतरने से नाराज सभापति ने दोनों एजेंसियों पर जुर्माना लगाने की प्रशासन को ताकीद दी।
दो एजेंसियां कर रहीं कचरा संकलन
शहर में कचरा संकलन की जिम्मेदारी बीवीजी और एजी एन्वायरो इन दो एजेंसियों को दी गई है। नई एजेंसियां नियुक्त करने पर चकरा संकलन व्यवस्था में सुधार की उम्मीद थी। नई पद्धति से कचरा संकलन करने के ढोल पीटे गए। शुरुआती दौर में घरों से कचरा उठाया गया। धीरे-धीरे दोनों एजेंसियां की कार्यप्रणाली पुराने ढर्रे पर पहुंच गई। घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सही तरीके से कचरा संकलन नहीं करने की शिकायतें मिलने से स्वास्थ्य समिति की बैठक में सभापति ने दोनों एजेंसियों काे लताड़ लगाई।
कैंसर का टीका लगाने का प्रस्ताव
बेटी बचाओ अभियान अंतर्गत लड़कियों का कैंसर प्रतिबंधक टीका लगाया जाता है। नागरिकों को यह टीका लगाने के लिए 3500 रुपए खर्च करने पड़ते हैं। समिति सदस्य आशा उइके ने मनपा की ओर से नि:शुल्क टीका लगाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर स्वास्थ्य विभाग के साथ चर्चा कर जानकारी पेश करने के कुकरेजा ने निर्देश दिए।
मनमानी करने वाले अस्पताल पर कार्रवाई के आदेश
काेविड के संकट में कोरोना योद्धा बनकर अनेक डॉक्टर्स, नर्स तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने दिनरात मेहनत कर सेवा दी। इस बीच, कुछ मौकापरस्त निजी डॉक्टरर्स ने मरीजों से मनमाना बिल वसूल किया। संकट के समय सेवाकार्य छोड़ मरीजों की लूट करने वालो अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रा. स्वा. केंद्र बढ़ाने पर चर्चा
शहर में मनपा के 26 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। जनसंख्या के मुकाबले उपलब्ध स्वास्थ्य केंद्र नाकाफी है। इसे बढ़ाकर 50 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने की दृष्टि से कार्यवाही करने के िनर्देश दिए गए।
कोविड टीका लगाने के लिए 11560 का डेटा तैयार
सभापति ने कहा कि कोविड का टीका उपलब्ध होने को है। जल्द ही 3 चरणों में टीका लगाया जाएगा। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाने वाला है। शहर के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में कार्यरत कर्मचारियों का डेटा तैयार किया जा रहा है। 640 निजी अस्पताल, 5 शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय, 62 मनपा के अस्पताल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से जानकारी मंगवाई गई है। 11 हजार 560 कर्मचारियों का डेटा संकलन किए जाने की जानकारी सभापति ने दी। बैठक में समिति सदस्य आशा उइके, राम जोशी आदि उपस्थित थे।
Created On :   17 Dec 2020 1:39 PM IST