- Home
- /
- विहिप ने केन्द्र सरकार से की...
विहिप ने केन्द्र सरकार से की गौ-संवर्धन मंत्रालय बनाने की मांग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने केन्द्र में अलग से गौ-संवर्धन मंत्रालय बनाने की मांग की है। उसका कहना है कि पृथक मंत्रालय बनाकर देश में गायों पर हो रहे जुल्म को कम किया जा सकेगा। परिषद ने इसके साथ ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाए जाने को लेकर उम्मीद जताई है और कहा है कि यह काम जल्द ही पूरा होगा।
विहिप के नवनियुक्त महामंत्री मिलिंद परांडे ने मोदी सरकार से यथाशीघ्र गौ-संवर्धन मंत्रालय बनाने और गोहत्या पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने गायाें को बचाने के लिए जहां संसद में संबंधित विधेयक लाने की वकालत की तो सभी हिन्दू भाईयों से गाय बचाने की मुहिम में आगे आने की अपील भी की है। अयोध्या में राम मंदिर बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण पिछले 490 वर्ष से हिंदू समाज का सशक्त संकल्प रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह काम जल्द होगा और इस आंदोलन की शुरूआत करने वाले साधु-संतों के सामने भव्य राम मंदिर बनेगा।
मिलिंद परांडे ने यह भी कहा कि अयोध्या में परिक्रमा मार्ग के अंदर मस्जिद नहीं बनेगी। उन्होंने शीर्ष अदालत से अयोध्या मामले की रोजाना सुनवाई करने का अनुरोध किया है।
बजरंग दल से जुड़े इस वर्ष 32 लाख युवा परांडे ने बताया कि इस वर्ष 32 लाख से अधिक युवक बजरंग दल के साथ जुड़े हैं। यह देश की युवा पीढ़ी में देश व धर्म के प्रति बढ़ते हुए समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लाखों युवतियों व माता बहनों को दुर्गावाहिनी तथा मातृ शक्ति के साथ जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
Created On :   24 Jun 2018 12:27 AM IST