- Home
- /
- उद्धव की पार्टी को वोट देने का मतलब...
उद्धव की पार्टी को वोट देने का मतलब कांग्रेस-राकांपा को वोट देना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अंधेरी पूर्व उपचुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि उद्धव की पार्टी को वोट देने का मतलब कांग्रेस-राकांपा को वोट देना होगा। उन्होंने कहा भाजपा के के युवा कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों को इस बारे में जागरुक करेंगे। बावनकुले शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री विक्रांत पाटील व नवनियुक्त भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल लोणीकर भी उपस्थित थे। बावनकुले ने कहा उद्धव ठाकरे ने महाविकास आघाडी की सरकार रहने के दौरान ढाई साल कांग्रेस की विचारधारा स्वीकार करने के साथ ही कांग्रेस द्वारा बार बार स्वातंत्र्यवीर सावरकर का अपमान करने पर भी उस पार्टी का साथ दिया। अब उनके गुट ने राहुल गांधी की यात्रा को समर्थन दिया है। उद्धव ठाकरे की सेना बालासाहेब के विचारों से बहुत दूर चली गई है। यह बात हम घर- घर जाकर मतदाताओं को बताएंगे।
वरली,साकोली व बारामती में भी होगा चमत्कार
उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार के नेतृत्व में भाजपा अंधेरी पूर्व विधानसभा उपचुनाव जीतेगी। आगामी चुनाव में आदित्य ठाकरे के वरली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के साकोली व राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेताओं के बारामती निर्वाचन क्षेत्र में भी चमत्कार दिखाई देगा।
राहुल लोणीकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर राहुल लोणीकर की नियुक्ति की गई है। राहुल जालना से भाजपा विधायक बबनराव लोणीकर के सुपुत्र हैं। भाजपा नेताओं की तरफ से अक्सर कांग्रेस पर राजनीति में परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया जाता है। इसके मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव व प्रवक्ता सचिन सावंत ने राहुल लोणीकर की नियुक्ति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर राहुल बबनराव लोणीकर की नियुक्ति की गई है। इसके लिए अभिनंदन। यह बात एक बार फिर साबित हुई है कि भाजपा में परिवारवाद नहीं है। इसके लिए भाजपा का भी अभिनंदन।
Created On :   15 Oct 2022 7:24 PM IST