- Home
- /
- MP में 43 निकाय चुनावों के लिए...
MP में 43 निकाय चुनावों के लिए वोटिंग जारी, मुरैना के सबलगढ़ में चुनाव निरस्त

डिजिटल डेस्क,भोपाल। आज मध्यप्रदेश के 43 नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग ने मुरैना जिले की सबलगढ़ में चुनाव निरस्त कर दिया है। आयोग ने उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद सबलगढ़ का चुनाव निरस्त किया।
उधर शहडोल में मतदान के दौरान हंगामा हुआ है। प्रत्याशियों ने मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए वाहनों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। इस दौरान वार्ड क्रमांक 8 में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच झड़प भी हुई है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और नायाब तहसीलदार ने मामला शांत कराया। वहीं मतदाता पर्ची नहीं बांटने से मतदाताओं की परेशानी बढ़ गई है। सूची में नाम नहीं मिलने से वो परेशान हो रहे हैं। मतदान के दौरान कलेक्टर ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया है।
लखनादौन में अब तक 30 प्रतिशत मतदान हुआ है। नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सुधी राय ने तबीयत खराब होने के बाद भी वोट डाला।
16 अगस्त को आएंगे नतीजे
गौरतलब है कि इस बार मतदाता ई-मतदाता पर्ची के माध्यम से भी मतदान कर सकते हैं। 43 नगरीय निकाय में अध्यक्ष पद के लिए 206 और पार्षद पद के लिए 2133 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगरपालिका परिषद 18 और नगर परिषद 26 हैं। इन निकायों में कुल 8 लाख 51 हजार 732 मतदाता हैं। इनमें से 4 लाख 39 हजार 607 पुरुष, 4 लाख 12 हजार 61 महिला और 64 अन्य मतदाता हैं। वार्डों की संख्या 780 और मतदान केंद्रों की संख्या 1159 है। इसके साथ ही 5631 पंच, 74 सरपंच, 14 जनपद पंचायत सदस्य, 3 जिला पंचायत सदस्य के उप निर्वाचन एवं 356 पंच और 23 सरपंच के आम निर्वाचन के लिए भी वोटिंग जारी है। 16 अगस्त को नतीजों को ऐलान किया जाएगा।
इससे पहले राज्य निर्वाचन आयुक्त आर परशुराम ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए पूरी तैयारियां है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल को तैनात किया गया है। बारिश से बचाने के लिए मतदान केंद्रों पर वॉटरप्रूफ टेंट लगाए गए हैं। परशुराम ने बताया कि मतदाता चुनाव एप के माध्यम से ई-मतदाता पर्ची प्राप्त कर सकते हैं। मतदाता गूगल एप की मदद से मतदान केंद्र का रास्ता देख सकते हैं।



Created On :   11 Aug 2017 8:47 AM IST