- Home
- /
- मां-बाप के झगड़ों से परेशान होकर घर...
मां-बाप के झगड़ों से परेशान होकर घर से भागी दो नाबालिग मुंबई में मिली

डिजिटल डेस्क, मुंबई। माता-पिता की लड़ाई से परेशान होकर घर से भागी वर्धा की दो नाबालिग सहेलियों को मुंबई पुलिस की सतर्कता के चलते दोबारा सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचा दिया गया। दरअसल दोनों सहेलियों ने मुंबई में पढ़ाई कर फैशन की दुनिया में नाम कमाने की चाहत लिए घर से भाग निकलीं। लेकिन मामले की शिकायत मिलने के बाद वर्धा पुलिस ने मुंबई पुलिस से मदद मांगी और दोनों को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया।
वर्धा जिले के सावंगी पुलिस स्टेशन में दोनों लड़कियों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी। दोनों नाबालिग थीं इसलिए पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 363 के तहत अगवा किए जाने का मामला दर्ज किया गया था। छानबीन के दौरान वर्धा पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों सहेलियों ने मुंबई की तरह जाने वाली ट्रेन पकड़ी है। इसके बाद मुंबई पुलिस से संपर्क कर मामले की जानकारी दी गई साथ ही ह्वाट्सएप के जरिए दोनों सहेलियों की तस्वीर भेजी गई।
दोनों लड़कियों 29 सितंबर को वर्धा से मुंबई की ओर निकली थी। क्राइम ब्रांच यूनिट तीन के इंस्पेक्टर संजय निकुंबे ने बताया कि नाबालिग लड़कियों के साथ कोई अनहोनी न हो इसलिए उन्हें जल्द से जल्द खोजने की कोशिश शुरू हुई। मिली सूचना के आधार पर लड़कियों की तलाश के लिए एक टीम बनाई गई। लोकमान्य तिलक टर्मिनस, कुर्ला, जुहू चौपाटी आदि जगहों पर पुलिस ने नजर रखनी शुरू की। साथ ही खबरियों के नेटवर्क को भी सक्रिय कर दिया।
पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों लड़कियां चेंबूर स्थित माहुल विलेज में नजर आईं हैं। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने उनकी पहचान कर ली। दोनों ने बताया कि वे अपने माता पिता के रोज के झगड़ों से परेशान थीं इसलिए पढ़ाई पर भी ध्यान नहीं दे पा रहीं थीं। इसीलिए लड़कियों ने योजना बनाई कि मुंबई जाकर काम करते हुए पढ़ाई की जाए और बाद में फैशन की दुनिया में नाम कमाया जाए।
लड़कियों ने बताया कि 30 सितंबर को मुंबई पहुंचने के बाद वे सबसे पहले जुहू बीच घूमने गईं थीं। इंस्पेक्टर निकुंबे ने बताया कि लड़कियों को सोमवार को उनके परिवार और वर्धा पुलिस की मुंबई पहुंची टीम के हवाले कर दिया गया है।
Created On :   1 Oct 2018 10:05 PM IST