- Home
- /
- शराब पार्टी के बाद नहीं जा रहा था...
शराब पार्टी के बाद नहीं जा रहा था अपने घर, कर दी मित्र की हत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शराब पार्टी के बाद घर जाने के बजाय दोस्त के घर में सोने की जिद करने वाले दोस्त पर रॉड से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक का नाम निरंजन ऊर्फ गोलू अब्रू वर्मा (30) गुलशन नगर निवासी है। पुलिस ने गोलू की हत्या के आरोप में उसके मित्र गोलू उर्फ प्रमोद समालिया राय शाहू (29) गुलशन नगर निवासी को गिरफ्तार किया है।
रॉड से किया हमला
पुलिस के अनुसार प्रमोद शाहू ट्रक ड्रायवर है। निरंजन वर्मा निजी काम करता था। दोनों गहरे दोस्त थे। मंगलवार 4 मई को शाम करीब 4 बजे दोनों ने आधे-आधे पैसे जमा कर शराब पार्टी करने के लिए 4 बोतलें खरीदी। निरंजन के घर पर शराब पार्टी शुरू हुई। इस दौरान प्रमोद को काम के सिलसिले में बाहर जाना था। उसने निरंजन को अपने घर जाने के लिए कहा। निरंजन ने उससे कहा कि कुछ देर मैं यहीं पर आराम करता हूं। प्रमोद ने निरंजन को वहां पर सोने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। तभी प्रमोद ने रॉड से निरंजन की गर्दन और सिर पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। इससे निरंजन बेहोश हो गया। उसके बाद प्रमोद भी सो गया।
भाई को दी जानकारी
रात करीब 9 बजे प्रमोद की नींद खुली, तो उसने निरंजन के साथ मारपीट करने की बात उसके भाई शेखर को बताई। शेखर उसके घर आया। निरंजन खून से लथपथ प्रमोद के घर पर पड़ा था। शेखर उसे अस्पताल लेकर गया। अस्पताल ले जाने पर प्राथमिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने निरंजन को मृत घोषित कर दिया। शेखर की शिकायत पर कलमना पुलिस ने आरोपी प्रमोद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कलमना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   6 May 2021 12:03 PM IST