हफ्ता वसूली , बार प्रबंधक से मारपीट

Weekly recovery, bar manager assaulted
हफ्ता वसूली , बार प्रबंधक से मारपीट
नागपुर हफ्ता वसूली , बार प्रबंधक से मारपीट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। धरमपेठ क्षेत्र के एक बार में जबरन घुसकर तीन आरोपियों ने प्रबंधक से मारपीट कर उससे 1 लाख रुपए हफ्ता मांगा। हफ्ता नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। बार प्रबंधक हर्षल पडोले की शिकायत पर सीताबर्डी पुलिस ने आरोपी सेवक तुलाराम मसराम (45), खरे टाउन, धरमपेठ निवासी और उसके दो साथियों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी सेवक मसराम को गिरफ्तार कर लिया है। फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

जबरन शटर खोलकर अंदर घुसे : जूनी मंगलवारी, लकड़गंज निवासी हर्षल पडोले (32) ने पुलिस को बताया कि, वह  धरमपेठ स्थित चैरिएट बार एंड रेस्टोरेंट में प्रबंधक है। 2-3 दिसंबर की दरमियानी रात करीब 12.30 बजे बार का शटर बंद कर वह जब हिसाब कर रहा था इस दौरान आरोपी सेवक मसराम अपने साथी सोनू और एक अन्य साथी के साथ पहुंचा और सुरक्षा गार्ड  ब्रिजेश त्रिपाठी पर बार का शटर खाेलने के लिए दबाव बनाने लगा। शटर नहीं खोलने पर गाली-गलौज कर आरोपी जबरन शटर खोलकर अंदर घुसे और गाली-गलौज करने लगे। 

‘बार चलाना है तो एक लाख रुपए हफ्ता लगेगा’ : होटल बंद करवाने की धमकी देकर आरोपियों ने काउंटर के बगल में रखी काेल्ड्रिंक्स के कैरेट फोड़कर नुकसान किया। सेवक और उसके साथियों को समझाने करने की कोशिश करने पर आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर  मारपीट की। आरोपी सेवक ने हर्षल से कहा कि ‘तुझे बार चलाना है, तो मेरे काे एक लाख रुपए हफ्ता लगेगा, मैंने इसके पहले मर्डर किया है, तुझे भी जान से मार दूंगा’। आरोपियों के जाने के बाद हर्षल ने सेवक मसराम और उसके साथियों के खिलाफ सीताबर्डी थाने में शिकायत की।  पुलिस ने तीनों आरोपियों पर धारा  384, 452, 323, 504, 506(ब), 427, 34 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी सेवक मसराम को गिरफ्तार कर लिया है। 
 

Created On :   4 Dec 2022 5:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story