- Home
- /
- निगम कमिश्नर भी चल रहे कीचड़ में,...
निगम कमिश्नर भी चल रहे कीचड़ में, ऐसा है स्मार्ट सिटी सतना !

डिजिटल डेस्क,सतना। शहर भले ही स्मार्ट सिटी में शामिल हो गया हो, लेकिन मारुति नगर में सड़कों की बदहाली खुद-ब-खुद अपनी कहानी बयां कर रही है। सड़कों की बदहाली और नगर निगम के लापरवाह रवैये को देखते हुए लोग सड़कों पर उतर आए। इस दौरान वहां पहुंचे नगर निगम कामचलाऊ कमिश्नर आरपी डेहरिया को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। लोगों ने कमिश्नर डेहरिया को कीचड़ भरी सड़कों पर चलवाया।
सालों बीत जाने के बाद भी मारुति नगर में करीब ढाई सौ मीटर लंबी सड़क नहीं बन पाई। कई पार्षद आए-गए और कई मेयर-कमिश्नर भी बदल गए ,लेकिन इस वार्ड स्थिति जस की तस बनी हुई है। लगातार बारिश होने की वजह से सड़कों पर पानी और कीचड़ जमा हो गया। इससे नाराज लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि बदहाल सड़कों की वजह से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार तो बारिश के समय बच्चे स्कूल तक नहीं जा पाते।
प्रदर्शन की खबर से नगर निगम के कामचलाऊ कमिश्नर अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे तो वार्डवासियों ने उन्हें कीचड़ से लथपथ सड़क पर पैदल चलवाया। उनका पैर कीचड़ में धंस गया था। इस दौरान आरपी डेहरिया ने कहा कि इस वार्ड में काफी गंभीर समस्याएं हैं। खासकर रास्ते पर इतना कीचड़ है कि आदमी का पैदल चलना भी दूभर हो रहा है। गाड़ियों से तो चलने की बात ही नहीं है। मैं इसको अपनी कमी मानता हूं। नए कमिश्नर आएंगे, मैं उनको बुलाऊंगा। वही समस्याओं को दूर करेंगे। नगर निगम की चूक तो नहीं कह सकते। जितना हमारा संसाधन है उसमें इस पूरे शहर को सुविधाएं देने की कोशिश करते हैं।
वहीं पूर्व पार्षद राडदीप सिंह का कहना है बीते 20 सालों से नगर निगम सीमा में शामिल मारुति नगर का जरा भी विकास नहीं हुआ है। हमने कमिश्नर नगर निगम को पूरा वार्ड पैदल घुमाया है। कीचड़ में उनका पैर घुस गया था। हमारी मांग है कि तत्काल समस्या का निराकरण किया जाए। नोटशीट बनाई जाए, प्रस्ताव मंजूर किया जाए और इस्टीमेट बना कर टेंडरिंग कराई जाए।
Created On :   15 July 2017 9:04 AM IST