- Home
- /
- पारिवारिक विवाद में डीजल डालकर...
पारिवारिक विवाद में डीजल डालकर पत्नी को जिंदा जलाया

डिजिटल डेस्क, धारणी(अमरावती)। धारणी से 32 किमी दूरी पर स्थित बैरागड़ ग्राम में पारिवारिक कारणों से उपजे विवाद के चलते अपनी पत्नी पर डीजल उड़ेलकर जिंदा जला दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को धारणी के उपजिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। धारणी पुलिस ने पीड़िता के भाई शिकायत के आधार पर आरोपी पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक बैरागड़ ग्राम निवासी शेख वसीम शेख हाफिज (22) नामक युवक ने पुलिस में दर्ज की शिकायत में आरोप किया है कि हिना शेख नासीर (28) नामक महिला अपने माता-पिता के घर जाने के लिए पति शेख नासीर से पूछने गई तो शनिवार की शाम पति शेख नासीर, देवर शेख सद्दाम और ननद के बेटे शेख हुजेब ने उसे मायके जाने से इंकार किया और पति ने उसके साथ विवाद कर मारपीट शुरू कर दी। बाद में देवर शेख सद्दाम और ननद के बेटे ने उसे पकड़कर रखा। संतप्त पति शेख नासीर ने उसके शरीर पर डीजल डालकर उसे जिंदा जलाकर जान से मारने का प्रयास किया। 83 प्रतिशत झुलसी हिना शेख को बैरागड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां पर सभी आरोपी पहुंचे और उन्होंने हिना शेख को लातघूसों से पीटा। वहां से पीड़ित महिला को धारणी के उपजिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जाती है। धारणी पुलिस ने धारा 307, 326 (अ), 323, 504, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Created On :   14 Feb 2022 12:37 PM IST