- Home
- /
- महाराष्ट्र : बगैर उपाध्यक्ष के...
महाराष्ट्र : बगैर उपाध्यक्ष के 13वीं विधानसभा ने कर लिए चार साल पूरे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की तेरहवीं विधानसभा शनिवार, 10 नवंबर को पांचवे वर्ष में प्रवेश कर रही है। यह विधानसभा इस मामले में खास है कि बगैर विधानसभा उपाध्यक्ष के चार साल का कार्यकाल पूरा हो गया। तेरहवी विधानसभा अपनी इस खासियत के चलते विधानमंडल के इतिहास में दर्ज होगी। तेरहवी विधानसभा का इतिहास इस मामले में भी रोचक रहा कि इसकी शुरुआत में विपक्ष की भूमिका वाली शिवसेना बाद में सत्तापक्ष की सीटों पर बैठी दिखाई दी। महाराष्ट्र की तेरहवी विधानसभा अक्टूबर 2014 में चुनी गई थी।
भाजपा ने अपने 122 विधायकों के साथ सरकार बनाने का फैसला लिया। 28 अक्टूबर 2014 को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में देवेंद्र फडणवीस को नेता चुने जाने के साथ ही उनका मुख्यमंत्री बनना तय हो गया था। इसके बाद फडणवीस ने 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। तेरहवी विधानसभा का पहली अधिवेशन 10 से 12 अक्टूबर 2014 के दौरान तीन दिनों के लिए आयोजित किया गया था। इस दौरान राज्य के मौजूदा एमएसआरडीसी मंत्री एकनाथ शिंदे तब विधानसभा में विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
पहले अधिवेशन के लिए जीवा पांडू को कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष चुना गया था। श्री पांडू ने दो दिनों में 286 सदस्यों को शपथ दिलाई थी। शपथ विधि के बाद हरिभाऊ बागडे विधानसभा अध्यक्ष चुने गए पर उपाध्यक्ष का चुनाव आज तक नहीं हो सका। इसके बाद 12 नवंबर को मुख्यमंत्री को सदन में विश्वास मत साबित करना था। इस दौरान कांग्रेस कि मतविभाजन की मांग ठुकराए जाने के बाद विपक्षी सदस्यों ने जमकर हंगामा किया था।
अल्पमत वाली फडणवीस सरकार ने भारी हंगामे के बीच ध्वनिमत से विश्वास मत हासिल किया। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने अभिभाषण के लिए विधानभवन पहुंचे राज्यपाल को रोकने की कोशिश की। इस मामले में कांग्रेस विधायकों अब्दुल सत्तार, जयकुमार गोरे ,अमर काले, वीरेंद्र जगताप व राहुल बोंद्रे को निलंबित कर दिया गया था।
पांच सदस्यों का निधन
तेरहवी विधानसभा के लिए चुने गए पांच सदस्य अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके। राकांपा के आरआर पाटील, कांग्रेस के डा पतंगराव कदम, शिवसेना के बाला सावंत, कृष्णा घोडा का निधन हो गया। इनमें से नांदेड से चुने गए भाजपा के गोविंद राठोड कि शपथ ग्रहण करने से पहले ही मृत्यु हो गई।
पार्टी संख्याबल
भाजपा : 122 एमआयएम : 02
शिवसेना :63 मनसे : 01
काँग्रेस :42 भारिप : 01
राष्ट्रवादी :41 रासप : 01
शेकाप : 03 समाजवादी : 01
बहुजन विकास आघाडी : 03 निर्दलिय : 07
Created On :   9 Nov 2018 7:45 PM IST