- Home
- /
- मेडिकल के सामने महिला की मौत : बेड...
मेडिकल के सामने महिला की मौत : बेड के लिए 10 घंटे एंबुलेंस में तड़पती रही

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिले में मरीजों को इलाज के लिए बेड तक नहीं मिल रहे हैं। इसी तरह का एक मामला सामने आया है। जिसमें एक मरीज को केलवद गांव से सोमवार सुबह करीब 7 बजे मेडिकल अस्पताल लाया गया, जहां बेड नहीं मिलने के कारण उन्हें भर्ती नहीं किया जा सका। वह पूरे दिन एंबुलेंस में ही पड़ी रही, शाम 5 बजे के करीब मरीज की मौत हो गई।
प्राथमिक उपचार केंद्र से किया गया था रेफर
मरीज के भतीजे संजय दगड़े ने बताया कि वह और कमलाबाई दगड़े (55) केलवद तहसील सावनेर के रहने वाले हैं। 15 दिन पहले घर पर प्रशासन के कुछ लोग आए थे, जिन्होंने वैक्सीन लगाने की बात कही थी। इसके बाद उन्हें वैक्सीन लगाई गई। उसके बाद से उन्हें परेशानी शुरू हो गई, उनकी तबीयत खराब होती गई। वहां पर उनका कोविड जांच भी कराई गई, रिपोर्ट निगेटिव आई। तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार केंद्र से मेडिकल में रेफर किया गया।
लंग्स में था इंफेक्शन
कमलाबाई को एंबुलेंस में सोमवार सुबह करीब 7 बजे मेडिकल अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें अस्पताल में बेड नहीं होने की जानकारी मिली। इसी बीच उनका सिटी स्कैन कराया गया, जिसमें उनके लंग्स में इंफेक्शन निकला और कोविड की जानकारी मिली। इसके बाद भी भर्ती करने के लिए कहीं पर बेड नहीं मिला। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक यानी 10 घंटे वह तड़पती रही, लेकिन उन्हें भर्ती नहीं किया गया। उनकी मौत के बाद मेडिकल पुलिस चौकी में पंचनामा बनाया गया। साथ ही आकस्मिक मौत का प्रकरण दर्ज किया गया।
Created On :   21 April 2021 12:37 PM IST