धान काटकर लौट रही महिला किसान को बनाया शिकार 

Woman farmer returning after cutting paddy was made a victim
धान काटकर लौट रही महिला किसान को बनाया शिकार 
गड़चिरोली धान काटकर लौट रही महिला किसान को बनाया शिकार 

डिजिटल डेस्क,गड़चिरोली।  गड़चिरोली तहसील के वनक्षेत्र में नरभक्षी बाघ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक सप्ताह पूर्व तहसील के राजगाटा चक गांव परिसर के जंगल में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के बाद नरभक्षी बाघ ने  जंगल परिसर में एक महिला किसान पर भी हमला बोल दिया। इस हमले में महिला किसान की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। मृत महिला का नाम अमिर्जा टोली निवासी मंदा संतोष खाटे (35) बताया गया है। बाघ के हमले में गड़चिरोली तहसील में अब तक 25 लोगों की मृत्यु होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशतपूर्ण माहौल निर्माण हो गया है। वहीं पिछले पंद्रह दिनों से बाघ को पकड़ने का प्रयास कर रही ताड़ोबा और मेलघाट की शॉर्प शूटर्स की टीम को अब तक काेई सफलता नहीं मिल पायी है।

 प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमिर्जा टोली निवासी मंदा संतोष खाटे अपने खेत में धान कटाई के लिए गयी थी। कार्य निपटाकर वह अपने घर लौट रही थी। इसी बीच नरभक्षी बाघ ने मंदा पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले में मंदा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार रात को वनविभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचने का प्रयास किया। लेकिन रात काफी होने से वनाधिकारियों ने रविवार की सुबह पहुंचकर पंचनामा किया। मंदा के शव को पोस्टमार्टम के लिए रविवार की सुबह जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशतपूर्ण माहौल निर्माण हो गया है। बता दें कि, वर्तमान में धान कटाई का दौर शुरू है। किसान और मजदूर दिनभर अपने खेतों में पहुंचकर धान की कटाई कर रहे हंै। लेकिन बाघ की दहशत बढ़ जाने से धान कटाई के कार्य में भी बाधाएं निर्माण होने लगी हंै।  
  

Created On :   14 Nov 2022 2:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story