- Home
- /
- वर्धा डबल डेकर पर बंधी रस्सी में...
वर्धा डबल डेकर पर बंधी रस्सी में फंसकर महिला की गई जान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अजनी डबल डेकर पर दुर्घटना में इमामवाड़ा निवासी मनीषा विनोद वासनिक (45) की मौत हो गई। मनीषा डबल डेकर पर बांधी आड़ी रस्सी से टकराकर दुर्घटना का शिकार हुई थीं। महिला के पति का आरोप है, कि यह रस्सी मेट्रो की ओर से बांधी गई थी। रस्सी के आगे किसी तरह के बैरिकेड आदि नहीं लगे होने से दुर्घटना होने की बात कही जा रही है। हालांकि मेट्रो प्रशासन इससे साफ इनकार कर रहा है। मनीषा मिहान के एम्स अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करती थीं। सुबह करीब 5 बजे वह घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकली थीं। अजनी चौक के बाद मिहान जाने के लिए वह डबल डेकर का इस्तेमाल करती थीं।
घटना के दिन भी वह डबल डेकर से जाने की कोशिश में थीं। सड़क के बीच एक मोटी रस्सी बंधी थी, जिसपर उनका ध्यान नहीं गया। गाड़ी पहले रस्सी में फंसी, जिसकी वजह से वाहन और महिला कुछ दूर तक घिसट गए। घटना के आधे घंटे तक उसे कोई उठानेवाला भी नहीं था। वह गंभीर हाल में वहीं पड़ी रही। बाद में उसकी मौत हो गई। अस्पताल से लौटते समय एक गार्ड की नजर उस पर पड़ी, तब जाकर हादसे का पता चला। इसके बाद घटना तूल पकड़ने लगी। महिला को मेडिकल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विनोद गोविंदराव वासनिक (50) की जानकारी पर आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। महिला का पति मजदूरी करता है। उसे दो लड़कियां हैं।
मेट्रो की लापरवाही है
रस्सी बंधने के कारण घटना हुई है। बैरिकेड भी नहीं लगे थे। दुर्घटना के बाद मेट्रो ने वहां बैरिकेड लगाए। इस हादसे के लिए पूरी तरह जिम्मेदार मेट्रो प्रशासन है। -विनोद वासनिक, मनीषा का पति
मेट्रो के कारण जान गई
यह हादसा मेट्रो की लापरवाही से हुआ है। सड़क के बीच में मेट्रो प्रशासन की ओर से रस्सी बांधी गई थी। किसी तरह कोई गार्ड या बैरिकेड नहीं रहने से हादसा हुआ और महिला की जान चली गई। -प्रशांत ढाकणे, महासचिव, नागपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी
मेट्रो का संबंध नहीं
इस हादसे से मेट्रो प्रशासन का कोई संबंध नहीं है। पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में भी मेट्रो का जिक्र नहीं है। -अखिलेश हडवे, डीजीएम, महामेट्रो, नागपुर
जांच जारी है
मौके का सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच की जा रही है। रस्सी किसने बांधी, बैरिकेड किसने खड़े किए, सब साफ हो जाएगा। -दिलीप लांडगे, निरीक्षक, धंतोली थाना
Created On :   6 March 2021 4:25 PM IST