अंतरराज्यीय गिरोह की महिला सदस्य को हरियाणा से नागपुर लाया

Woman member of inter-state gang brought from Haryana to Nagpur
 अंतरराज्यीय गिरोह की महिला सदस्य को हरियाणा से नागपुर लाया
आनलाइन फ्रॉड  अंतरराज्यीय गिरोह की महिला सदस्य को हरियाणा से नागपुर लाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  अंतरराज्यीय स्तर पर धोखाधड़ी में सक्रिय गिरोह की महिला सदस्य को हरियाणा से गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया है। लंबे समय बाद पुलिस के हाथ लगी महिला से चार मोबाइल और विविध बैंकों के चार से पांच खातों को जब्त किया गया है। महिला व उसके साथियों ने लोन दिलाने का झांसा देकर अजनी थानांतर्गत एक व्यक्ति को ठगा है।  अदालत में पेश कर महिला को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। 

लोन देने का दिया था झांसा 
आरोपी पूजा सिंह (53), हरियाणा के हिसार की रहने वाली है। उसके साथी विकास जैन, दीपक चौहान और संजीवकुमार ओमप्रकाश सिंह हरियाणा के बसेड़ा जे.पी.नगर निवासी है। आरोपियों ने बजाज फाइनेंस कंपनी के नाम पर नागपुर के जोगी नगर निवासी देवानंद अनिल शेंडे (39) को फोन किया और ऑनलाइन लोन देने का झांसा दिया। चूंकि, देवानंद लोन लेना चाहता था, इसलिए उसने दस वर्ष की दीर्घावधि के लिए आठ लाख की जरूरत दर्शाई। लिहाजा 6.9 प्रतिशत ब्याज की दर से लोन देने की बात तय हुई।

रुपए ऐंठने के बाद वापस मांगने पर धमकाने लगे थे
इसके बाद पूजा व उसके साथियों ने अलग-अलग प्रोसेसिंग फीस का झांसा देकर देवानंद से ऑनलाइन 98 हजार रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद भी उससे और रुपयों की मांग करने लगे, जब देवानंद ने रकम वापस मांगी तो आरोपी उसे धमकाने लगे थे। देवानंद की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

अदालत ने 4 दिन की रिमांड पर भेजा
उल्लेखनीय है कि, इस िगरोह ने लोन, पॉलिसी, केवाईसी अपडेट करने जैसे झांसे देकर कई लोगों से अंतरराज्यीय स्तर पर ऑनलाइन धोखाधड़ी की है। इसे गंभीरता से लेकर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, जोन क्र.चार के उपायुक्त डॉ.अक्षय शिंदे के आदेश पर पुलिस दल हरियाणा गया हुआ था। साइबर टीम की मदद से कड़ी मक्कशत के बाद पूजा पुलिस के हाथ लगी। 16 अगस्त को उसे िगरफ्तार कर नागपुर लाया गया। पीसीआर की अवधि खत्म होने पर गुरुवार को दोबारा उसे अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।  

दस्तावेज उपलब्ध कराने पर महिला को मिलती थी कुछ राशि
पूछताछ के दौरान पूजा ने पुलिस को बताया कि उसने सिर्फ अपने साथियों को दस्तावेज दिए थे। इसके आधार पर उसके नाम से यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया, हरियाणा ग्रामीण बैंक में तीन खाते और कैनरा बैंक में एक खाता खोला गया और एटीएम कार्ड लिए गए हैं। इसके बदले में साथी उसे कुछ प्रतिशत रकम देते थे। पूजा से विविध कंपनियों के चार मोबाइल और सिम कार्ड जब्त िकए गए हैं। पूजा के साथियों का अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं िमला है। उन्हें सरगर्मी से तलाश िकया जा रहा है। निरीक्षक विजय तलवारे, सहायक निरीक्षक शीतलकुमार गायकवाड़, अविनाश श्रीरामे, सुरेश सायरे, सविता वर्मा और दीपक तर्हेकर आदि मामले की जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
 

Created On :   21 Aug 2021 4:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story