तीन करोड़ के ड्रग्स भरे कैप्सूल निगलकर मुंबई पहुंची महिला

Woman reached Mumbai after swallowing capsules filled with drugs worth three crores
तीन करोड़ के ड्रग्स भरे कैप्सूल निगलकर मुंबई पहुंची महिला
एनसीबी ने पकड़ा तीन करोड़ के ड्रग्स भरे कैप्सूल निगलकर मुंबई पहुंची महिला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कैप्सूल में भरी हुई तीन करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की नशे की खेप निगलकर मुंबई पहुंची युगांडा की एक महिला को नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने दबोचा है। महिला के शरीर से कैप्सूल बरामद करने के लिए एनसीबी को जेजे अस्पताल के डॉक्टरों की मदद लेनी पड़ी। पांच दिन बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी मिली जिसके बाद एनसीबी उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई है। एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि महिला 28 मई को युगांडा से मुंबई पहुंची थी। एनसीबी को उसके बारे में पहले से गुप्त सूचना मिल गई थी इसलिए उसे पकड़ने के लिए हवाई अड्डे पर एनसीबी की टीम पहले से मौजूद थी।

एनसीबी ने महिला के समान की जांच की लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला। इसके बाद एनसीबी को संदेह हुआ कि महिला ने नशे की खेप शरीर के भीतर छिपाई हुई है। कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने इसे स्वीकार किया और उसके शरीर से उसी दिन 10 कैप्सूल बरामद किए गए जिसमें हेरोइन भरी हुई थी। लेकिन अधिकारियों को संदेह था कि महिला के शरीर में और ड्रग्स हो सकती है। इसलिए उसे जांच के लिए जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि की और महिला के शरीर से 54 और ड्रग्स भरे हुए कैप्सूल बरामद किए। महिला के शरीर से बरामद हुए कैप्सूल में 535 ग्राम हेरोइन और 175 ग्राम कोकीन भरी हुई थी। महिला के शरीर से कुल 64 नशे भरे कैप्सूल बरामद किए गए हैं। मामले में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। महिला किन लोगों के संपर्क में थी यह पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। 
 

Created On :   4 Jun 2022 2:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story